
बाराबंकी. बाराबंकी में इंजन निकालने के लिए रास्ता छोड़ने की बात पर दबंगों ने 15 साल के लड़के की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने वारदात में शामिल सभी 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामला फतेहपुर कोतवाली इलाके के सदरापुर गांव का है। जहां रास्ते से इंजन निकालने को लेकर दबंगों ने एक परिवार के सदस्यों को लाठी डंडो से पीट दिया। मारपीट में गंभीर रूप से घायल एक 15 वर्षीय लड़के पवन की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया था। लेकिन ले जाते समय ही उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है।
दबंगों ने पीट-पीटकर की हत्या
कोतवाली फतेहपुर क्षेत्र के ग्राम सदरापुर मजरे हारनपुर टांडा निवासी जगदीश प्रसाद का पुत्र पवन कुमार इंजन लेकर घर को आ रहा था। वहीं उसके पड़ोसी मोहम्मद जाकिर रास्ते में चारपाई डालकर लेटा हुआ था। पवन के उसे चारपाई हटाने को कहा, जिस पर वह उससे लड़ने लगा। देखते ही देखते जाकिर पक्ष के शाकिर, कदीर, वारिस समेत कई लोग मौके पर इकट्ठा हो गये और पवन की लाठी डंडों से पिटाई करनी शुरू कर दी। शोर सुनकर पवन के पिता जगदीश प्रसाद, मां जगदेई और भाई रिंकू उसे बचाने के लिए पहुंचे तो दबंगों ने उनकी भी पिटाई करने के साथ झोपड़ी गिरा दी। सूचना पर पहुंची पुलिस सभी घायलों को उपचार के लिए सीएचसी फतेहपुर ले गई। जहां चिकित्सकों ने पवन की हालत को गंभीर बताते हुए ट्रामा सेन्टर लखनऊ भेज दिया। लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। पवन की मौत की खबर सुनकर परिवार में कोहराम मच गया। इस संबंध में कोतवाली में मुकदमा पंजीकृत करके आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है।
पांचों आरोपी गिरफ्तार
वहीं इस पूरे मामले पर बाराबंकी के अपर पुलिस अधीक्षक दिगंबर कुशवाहा ने बताया कि यहां दो पक्षों में मारपीट हुई है। जिसमें एक शख्स की मौत हो गई। इस मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पर लापरवाही बरतने के आरोपों को खारिज करते हुए कुशवाहा ने कहा कि पुलिस पूरी तरह से सक्रिय है और सारे आरोपियों की गिरफ्तारी की जा चुकी है और बातचीत करके दोनों पक्षों को शांत करा दिया गया है।