Chief Minister Yogi Adityanath visit to Barabanki: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बाबरी मस्जिद के पुनर्निर्माण को लेकर बड़ा बयान दिया है। इसके साथ बाराबंकी को विकास प्राधिकरण की सौगात दी है।
Chief Minister big statement regarding Babri Masjid: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कयामत की रात कभी नहीं आएगी और ना ही बाबरी मस्जिद का पुनर्निर्माण संभव है। जो लोग कयामत के दिन का सपना देख रहे हैं वह ऐसे ही सड़-गल जाएंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बाराबंकी में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार है। हम लोगों ने कहा था कि "रामलला हम आएंगे मंदिर वहीं बनाएंगे" आज मंदिर बनकर तैयार है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि बाराबंकी से होकर 84 कोसी परिक्रमा मार्ग बनाया जाएगा। जिससे जिले के विकास को नई गति मिलेगी। राज्य मंत्री सतीश शर्मा और प्रभारी मंत्री सुरेश शाही के प्रस्ताव पर रामसनेहीघाट में भव्य औद्योगिक पार्क का निर्माण किया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने बाराबंकी विकास प्राधिकरण की घोषणा की।
ये भी पढ़ें
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पिछले 500 साल में कई राजा-महाराजा आए लेकिन अयोध्या में राम मंदिर नहीं बना, जबकि 1947 में मिली आजादी के बाद सरकार आती-जाती रही। भाजपा सरकार में ही भगवान राम का मंदिर बनकर तैयार हुआ है। लाखों भक्त दर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पहले गरीबों को घर नहीं था।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आने के बाद यूपी में 60 लाख गरीबों को प्रधानमंत्री आवास मिला है। गांव में घर-घर शौचालय और अपनी मुवैया कराया गया है। पहले कुछ खास चुनिंदा जिलों को ही बिजली मिलती थी, आज सभी 75 जिलों को बराबर बिजली मिल रही है। बेटियों के जन्म से लेकर शादी का खर्च सरकार कर रही है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2017 से पहले देश का कोई नागरिक सुरक्षित नहीं था। पहले गरीबों की जमीनों पर कब्जा हो जाता था, लेकिन सरकार के बदलने के बाद अराजकता खत्म हो गई है। बेटियां अपने आप को सुरक्षित महसूस कर रही हैं। आज सभी को वेतन और करोड़ों लोगों को पेंशन मिल रही है। सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। जो भी कानून अपने हाथ में लेगा, उसे ऐसा सबक सिखाया जाएगा कि उसकी पीढ़ियां याद रखेंगी।
बाबरी मस्जिद पुनर्निर्माण पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जो लोग कयामत के दिन का सपना देख रहे हैं, वे ऐसे ही सड़-गल जाएंगे। कयामत के दिन के लिए मत जियो। कायदे से रहना सीखो, तभी फायदे में रहोगे। कानून तोड़ने वालों को सीधे जहन्नम भेजा जाएगा। जो लोग भगवान राम को भूल जाते हैं, भगवान राम भी उनको भूल चुके हैं। ऐसे लोगों की नैया कभी पार नहीं होगी। रामद्रोहियों के लिए अब कोई जगह नहीं है। जिन्होंने राम भक्तों पर गोली चलाई है, अब उन लोगों के लिए भी कोई जगह नहीं है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बाराबंकी भगवान विष्णु के वराह अवतार की भूमि है और लोधेश्वर महादेव का पवित्र धाम भी है। पद्मश्री से सम्मानित बाबू केडी सिंह का जन्म भी यही हुआ था। उनकी हवेली बिकने जा रही थी। लेकिन सरकार ने ऐसा नहीं होने दिया। अपने खर्चे पर यहां पर स्मारक बनाया जा रहा है। जिससे नौजवान प्रेरणा लेंगे। उन्होंने घोषणा की कि लोधेश्वर महादेव मंदिर में भी काशी विश्वनाथ की तर्ज पर भव्य कॉरिडोर बनाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 के पहले यूपी की स्थिति बेहद खराब थी। हर चौथे दिन कर्फ्यू लगाना पड़ता था। कोई भी त्यौहार शांति से नहीं मना पा रहा था। गरीबों की जमीन पर कब्जा हो रहा था। इस मौके पर मुख्यमंत्री बाराबंकी में श्री हनुमान विराट महायज्ञ और श्री रामाचार्य पूजन कार्यक्रम में शामिल हुए। संत बलराम दास ने मखाने और लावा की माला पहनाकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। कार्यक्रम में अयोध्या, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, सुल्तानपुर से आए संत महंत मौजूद थे। 79 जोड़ों ने सामूहिक विवाह समारोह में सात फेरे लिए।