
बाराबंकी. 50 वर्ष पूरे होने पर किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय के पूर्व छात्रों ने फैजाबाद रोड स्थित गोल्डन ब्लॉसम अनोरा कला में स्वर्ण जयंती कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि सीएम योगी आदित्यनाथ शामिल हुए। कार्यक्रम में किंग जॉर्ज मेडिकल विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ एम. एल. भट्ट समेत देश- विदेश से आए केजीएमयू के सभी छात्रों ने अपनी उपस्तिथि दर्ज कराई।
सीएम योगी रहे कार्यक्रम के मुख्य अतिथि
केजीएमयू के 1967 बैच के छात्रों ने अपने 50 वर्ष पूरे होने पर स्वर्ण जयंती समारोह कार्यक्रम का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। कार्यक्रम में पहुंचे मुख्यमंत्री योगी ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुवात की। कार्यक्रम में पूर्व छात्रों ने सीएम को पुष्प भेंट कर स्वागत किया। इसके बाद स्वर्ण जयंती समारोह कार्यक्रम की श्रंखला में गणेश वंदना पर संस्कृत नृत्य कर कार्यक्रम का संचालन हुआ।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने दी बधाई
कार्यक्रम के दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ ने मंच से संबोधित करते हुए देश- विदेश से आए केजीएमयू के छात्रों को 50 वर्ष पूरे होने पर बधाई दी। सीएम योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन के दौरान कार्यक्रम को केजीएमयू परिसर में आयोजित करने की बात करते हुए कहा कि अगर इस तरह के आयोजन वहां होते तो शायद वहां के विकास के कार्यो पर भी काम होता। सीएम योगी आदित्यनाथ ने कार्यक्रम में यह भी कहा कि डॉक्टर इस धरती पर भगवान के रूप में माना जाता है। लेकिन उत्तर प्रदेश जैसे राज्य में डॉक्टरों की बहुत कमी है। लेकिन अब एक नई व्यवस्था तैयार की जा रही है। जिसमे एमबीबीएस पास करने वाले छात्रों को दो सालों तक ग्रामीण क्षेत्रों में तैनाती दी जाएगी। जिसके बाद उसको सीएचसी या पीएचसी में एक वर्ष तक तैनात कर उसकी सेवा ली जाएगी। जिससे चिकित्सा के क्षेत्र में कुछ बेहतर कार्य हो सकें।