बाराबंकी

लापता नहीं गिरफ्तार हुए हैं सपा प्रवक्ता, जानें पुलिस ने क्यों लिया एक्शन

Samajwadi Party Spokesperson Arrest : बाराबंकी पुलिस ने समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता मनोज यादव की पहले गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई गई थी। लेकिन, पुलिस ने बाद में गिरफ्तारी की पुष्टि की है।
2 min read
Feature image
सपा प्रवक्ता मनोज यादव को पुलिस ने किया गिरफ्तार, PC- X

उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता मनोज यादव को पुलिस ने सफदरगंज क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी की यह कार्रवाई एक पुराने आपराधिक मामले में की गई है। पिछले दो दिनों से मनोज यादव के लापता होने की खबरों के बीच हुई इस हाई-प्रोफाइल गिरफ्तारी ने राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी है।

बाराबंकी की सफदरगंज पुलिस के अनुसार, मनोज यादव उर्फ बबलू पर धमकी देने और जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल का आरोप है। उनके खिलाफ 11 फरवरी को मुकदमा (मु0अ0सं0 50/26) दर्ज किया गया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उन्हें हिरासत में लिया और बाद में न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेज दिया।

मेडिकल के बाद लखनऊ रवाना

गिरफ्तारी के बाद कड़ी सुरक्षा के बीच आरोपी को बड़ागांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मेडिकल परीक्षण के लिए ले जाया गया। मेडिकल जांच पूरी होने के तुरंत बाद पुलिस टीम उन्हें अपने साथ लखनऊ लेकर रवाना हो गई।

पहले दर्ज हुई थी गुमशुदगी

परिजनों के मुताबिक, मनोज यादव काकोरी में आयोजित एक तिलक समारोह में शामिल होने गए थे। समारोह से निकलने के बाद उनका मोबाइल फोन अचानक बंद हो गया और उनसे संपर्क नहीं हो सका। पूरी रात कोई जानकारी न मिलने पर परिवार ने लखनऊ के गोमती नगर विस्तार थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

परिवार का कहना है कि मनोज बिना बताए कहीं नहीं जाते और उनकी किसी से कोई दुश्मनी भी नहीं है। गुमशुदगी की सूचना के बाद पुलिस ने तिलक समारोह स्थल के सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन की जांच शुरू की थी।

मनोज यादव के केस मे पुलिस जोड़ रही कड़ियां

बाद में बाराबंकी पुलिस ने स्पष्ट किया कि मनोज यादव को धमकी और जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल के मामले में गिरफ्तार किया गया है। फिलहाल पुलिस तिलक समारोह से लेकर गिरफ्तारी तक की पूरी घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ रही है, ताकि उनके लापता होने और गिरफ्तारी के बीच के समय को स्पष्ट किया जा सके।

Updated on:
13 Feb 2026 02:03 pm
Published on:
13 Feb 2026 02:03 pm