
Rajasthan Nikay Chunav 2026: बारां नगर परिषद समेत जिले के 6 नगरीय निकायों के प्रमुखों व बारां जिला प्रमुख पद के लिए जयपुर में आरक्षण की लॉटरी निकाली गई। इन प्रमुख पदों के लिए आरक्षण का निर्धारण होने के साथ ही जिले में राजनीतिक सरगर्मियां शुरू हो गई है। लॉटरी से सीट तय होने के बाद कुर्सी का सपना संजोए कई दावेदारों के अरमान धरे रह गए तो कई की बांछें खिल गई है। अब जिला परिषद व पंचायत समिति सदस्यों, प्रधानों, पार्षदों के लिए संभवतया 17 अगस्त और पंच-सरपंचों के लिए संभवतया 18 अगस्त को आरक्षण का निधार्रण होने का इंतजार रहेगा।
बारां नगर परिषद के सभापति की सीट अनारक्षित वर्ग की महिला के लिए तय हुई है। पिछली बार यह सीट SC वर्ग की महिला के लिए आरक्षित थी और ज्योति पारस सभापति रहीं। 2020 में हुए चुनाव में कांग्रेस के 32, भाजपा के 21 और 7 निर्दलीय पार्षद चुने गए थे। सभापति के चुनाव में कांग्रेस को 40 और BJP को 20 मत मिले थे। बारां में 60 वार्ड हैं। अब आगामी दिनों में होने वाले चुनावों में फिर महिला को ही कमान मिलेगी। ऐसे में सभापति बनने का ख्वाब सजाए कई दावेदारों को झटका लगा है। ऐसे दावेदार अब पत्नियों को आगे करने की गणित देख रहे हैं।
अंता नगर पालिका में पहले अनारक्षित वर्ग की सीट थी और 2020 के चुनाव में मुस्तफा खान चेयरमैन बने थे। बाद में उन्हें चयेरमैन पद से हटा दिया गया था। भाजपा के पार्षद रामेश्वर खंडेलवाल काफी समय तक चेयरमैन रहे। इस बार चेयरमैन की सीट ओबीसी वर्ग के लिए आरक्षित हुई है।
मांगरोल चेयरमैन की सीट भी अनारक्षित वर्ग के लिए रहेगी। पहले यह सीट ओबीसी के लिए आरक्षित थी। इसके अलावा नवगठित सीसवाली नगर पालिका में भी चेयरमैन की सीट अनारक्षित वर्ग के लिए रहेगी। अनारक्षित वर्ग के लिए सीट रहने से इन दोनों जगहों पर बड़ी तादाद में दावेदार रहेंगे। ऐसे में चुनावी सरगर्मियां परवान पर दिखेगी।
छबड़ा में पहले अनारक्षित वर्ग की सीट थी, इस बार अनारक्षित महिला की सीट रहेगी।
नवगठित नगर पालिका अटरू में अध्यक्ष की सीट एससी वर्ग के लिए आरक्षित की गई है जबकि छबड़ा नगर पालिका में अनारक्षित वर्ग से महिला चेयरमैन बनेगी। 2019 में हुए चुनाव में यहां से भाजपा के केसी जैन अध्यक्ष चुने गए थे।
जिला प्रमुख पद के लिए भी जयपुर में लॉटरी निकली। इसमें बारां जिला प्रमुख का पद अनाक्षरित रखा गया है यानि अनारक्षित वर्ग से कोई भी चुनाव लड़ सकता है। इससे पहले के चुनाव में यह पद अनारक्षित वर्ग की महिला के लिए था और भाजपा के बहुमत में होने के बावजूद कांग्रेस से उर्मिला जैन भाया जिला प्रमुख चुनी गई थीं।
वर्ष 2020 में बारां व अंता निकायों में चुनाव हुए थे। 11 दिसम्बर को मतदान हुआ था व 13 दिसम्बर को मतगणना हुई थी।
वर्ष 2019 में मांगरोल व छबड़ा निकायों में चुनाव हुए थे। 16 नवम्बर को मतदान और 19 नवम्बर को मतगणना हुई थी।