
नदी पार कर स्कूल जाते बच्चे और गोद में उठाकर रास्ता पार कराते हुए (पत्रिका फोटो)
छबड़ा (बारां): बरसात के दौरान पीपलीसरहद और तेलनी के बीच स्थित नदी में तेज बहाव आने के बावजूद विद्यार्थी जान जोखिम में डालकर नदी पार कर स्कूल पहुंचने को मजबूर हैं। ग्रामीणों के अनुसार, बारिश के समय नदी का जलस्तर बढ़ने से आवागमन बेहद जोखिम भरा हो जाता है। इस समस्या से प्रशासन को पहले भी अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक स्थाई समाधान नहीं होने से विद्यार्थियों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
पूर्व विधायक करण सिंह राठौड़ ने कहा यदि समय रहते विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो किसी हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता। प्रशासन को तत्काल मौके का निरीक्षण कर बरसात के दौरान सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए।
बारां में मोठपुर क्षेत्र के गोरडी गांव में महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय तक पहुंचने वाला मुख्य मार्ग इन दिनों विद्यार्थियों और ग्रामीणों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। मार्ग पर पानी और कीचड़ भरा रहने से स्कूल जाने वाले बच्चों को रोजाना बदहाल कीचड़ एवं जलभराव वाले इस रास्ते से होकर गुजरना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि समस्या को लेकर ग्रामीण कई बार जनप्रतिनिधियों, विकास अधिकारी समेत संबंधित विभाग के जिम्मेदारों को भी समस्या से अवगत करा चुके हैं, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं हो पाया। ग्रामीणों का कहना है कि पीडब्ल्यूडी ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया था, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।
सोनू गुर्जर, रविकांत, अनिल चौथमल, हेमराज, प्रमोद, महेन्द्र, जीतू, चंद्रप्रकाश, हरीश, गोलू, भूरालाल, विनोद, दिनेश, मलखान सहित ग्रामीणों ने बताया कि बारिश के दौरान मुख्य मार्ग पर पानी जमा होने के बाद कीचड़ फैल जाता है। इससे विद्यर्थियों को स्कूल पहुंचने में परेशानी होती है। ग्राम पंचायत ननावता के ग्राम विकास अधिकारी दिलीप शर्मा ने बताया कि मामले को संज्ञान में लेकर समाधान करने का प्रयास किया जाएगा।
Updated on:
13 Aug 2026 12:43 pm
Published on:
13 Aug 2026 12:43 pm
