
मृतका संगीता मीणा (पत्रिका फोटो)
अटरू (बारां): उप जिला चिकित्सालय अटरू में कार्यरत एक महिला नर्सिंग ऑफिसर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने का गंभीर मामला सामने आया है। शनिवार सुबह महिला का शव उनके किराए के मकान से बरामद किया गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लेते हुए शव को अपने कब्जे में लिया।
पुलिस ने शव को उप जिला चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया, जहां परिजनों की मौजूदगी में मेडिकल बोर्ड का गठन कर पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी की गई। इसके उपरांत शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस प्रशासन ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जांच की कार्रवाई तेज कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान 37 वर्षीय संगीता मीणा के रूप में हुई है, जो उप जिला चिकित्सालय अटरू में नर्सिंग ऑफिसर के पद पर पदस्थ थी। संगीता वर्तमान में डिस्टलेरी मोहल्ला स्थित एक किराए के मकान में अपने परिवार के साथ रह रही थी।
बता दें कि उनकी दो बेटियां हैं। बताया जा रहा है कि संगीता गत 3 जून से 'चाइल्ड केयर लीव' यानी बाल देखभाल अवकाश पर चल रही थी। शनिवार सुबह जब उनका शव घर के कमरे में पाया गया, तो हड़कंप मच गया।
घटना की जानकारी मिलते ही मृतका के मायके पक्ष के लोग झालावाड़ जिले के घाटोली थाना क्षेत्र स्थित देवरीकलां गांव से अटरू पहुंचे। संगीता के पिता श्रीलाल मीणा ने थाने में उपस्थित होकर अपने दामाद के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई।
पिता द्वारा दी गई तहरीर में कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं। मृतका के पति सत्यप्रकाश मीणा (निवासी मुसैन, हाल निवासी अटरू) को नशे की लत है। आरोपी सत्यप्रकाश अपनी पत्नी संगीता के साथ अक्सर मारपीट करता था और उसे अत्यधिक मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था। परिजनों का स्पष्ट आरोप है कि पति द्वारा लगातार किए जा रहे शारीरिक व मानसिक उत्पीड़न और प्रताड़ना से तंग आकर ही उनकी बेटी की जान गई है।
घटना की सूचना पर उप जिला चिकित्सालय पहुंचे पुलिस पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) रामानंद यादव ने पूरे मामले की गहनता से जानकारी ली और घटनास्थल का निरीक्षण किया। अटरू थानाधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि मृतका के पिता की शिकायत पर पति सत्यप्रकाश मीणा के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस हर संभावित पहलू को ध्यान में रखते हुए पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
Updated on:
02 Aug 2026 03:29 pm
Published on:
02 Aug 2026 02:38 pm
