
बच्ची की फाइल फोटो: पत्रिका
20 Month Girl Died: बारां के हरनावदाशाहजी क्षेत्र के सालरखो गांव में एक दर्दनाक हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। घर के आंगन में खेल रही 20 महीने की मासूम बालिका की पानी से भरी बाल्टी में गिरने से मौत हो गई। कुछ देर पहले तक जिस घर में बच्ची की किलकारियां गूंज रही थीं वहां उसकी मौत के बाद चीख-पुकार और मातम का माहौल छा गया।
बारां के सालरखो निवासी राधेश्याम लोधा ने बताया कि उसके छोटे भाई भारमल लोधा की 20 महीने की बेटी रीतिका शाम के समय घर के आंगन में अन्य बच्चों के साथ खेल रही थी। परिवार के सदस्य अपने-अपने काम में व्यस्त थे और बच्चे भी खेल में मग्न थे। इसी दौरान खेलते-खेलते रीतिका घर में सीढ़ियों के पास पहुंच गई, जहां पानी से भरी बाल्टी रखी हुई थी।
परिजनों के अनुसार किसी को पता नहीं चला कि कब बच्ची बाल्टी के पास पहुंची और औंधे मुंह उसमें गिर गई। कुछ देर बाद जब रीतिका की मां की नजर बाल्टी पर पड़ी तो उनके होश उड़ गए। उन्होंने तुरंत बच्ची को बाहर निकाला और परिजनों की मदद से उसे हरनावदाशाहजी के निजी चिकित्सालय लेकर पहुंचे। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद बच्ची को मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी घटना की जानकारी फैलते ही शोक की लहर दौड़ गई।
प्रारंभिक तौर पर माना जा रहा है कि पानी से भरी बाल्टी में औंधे मुंह गिरने के कारण दम घुटने से बच्ची की मौत हुई। इस हादसे ने छोटे बच्चों की सुरक्षा को लेकर सावधानी बरतने की जरूरत को एक बार फिर सामने ला दिया है। इसलिए ही घर में रखे पानी के बर्तन, बाल्टी या अन्य सामान को बच्चों की पहुंच से दूर रखने की सलाह दी जाती है। ग्रामीणों ने बताया कि रीतिका परिवार की लाडली थी और उसकी मासूम हरकतों से घर में हमेशा खुशियों का माहौल बना रहता था। घटना के बाद गांव के लोग परिवार को सांत्वना देने पहुंचे और बच्ची की असमय मौत पर दुख जताया। मासूम रीतिका की अचानक मौत से पूरा गांव स्तब्ध है। जिस बच्ची की हंसी और मासूमियत से घर रोशन रहता था, उसकी कमी परिवार को हमेशा महसूस होगी।
Updated on:
05 Aug 2026 10:09 am
Published on:
05 Aug 2026 10:03 am
