
खेत में घुसकर फसल नष्ट करने, मारपीट और अवैध कब्जे के प्रयास का आरोप (फोटो पत्रिका)
छबड़ा (बारां): बापचा थाना क्षेत्र अंतर्गत चौकी गांव में जमीन से जुड़े एक विवाद ने तूल पकड़ लिया है। कांग्रेस के पूर्व विधायक करण सिंह राठौड़, उनके भतीजे और अन्य सहयोगियों के खिलाफ एक किसान के खेत में घुसकर तोड़फोड़, मारपीट तथा जमीन पर जबरन कब्जा करने के प्रयास के गंभीर आरोपों में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने किसान की शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
बापचा थानाधिकारी अब्दुल हकीम ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि चौकी गांव के निवासी बाबूलाल अहीर ने थाने में लिखित रिपोर्ट पेश की है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि पूर्व विधायक करण सिंह राठौड़ अपने भतीजे भैया बना, ईशु बना तथा करीब 10 से 15 अन्य अज्ञात लोगों के साथ जेसीबी मशीन लेकर उसके खेत पर अचानक आ धमके।
रिपोर्ट में बताया गया कि आरोपियों ने खेत में खड़ी मक्का की लहलहाती फसल को जेसीबी मशीन से बेरहमी से उखाड़ दिया और रौंदकर पूरी तरह नष्ट कर दिया। इसके अलावा खेत की सुरक्षा के लिए चारों तरफ लगाई गई लोहे की तारबंदी को भी पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया गया।
पीड़ित किसान बाबूलाल का कहना है कि जब उसने और उसके परिजनों ने इस अवैध कार्रवाई का विरोध किया, तो आरोपियों ने उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। बात बढ़ने पर आरोपियों ने मारपीट की और पीड़ित परिवार को जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई।
थानाधिकारी अब्दुल हकीम के अनुसार, किसान की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने निष्पक्ष जांच के लिए प्रकरण की जिम्मेदारी सहायक उपनिरीक्षक साहब सिंह को सौंपी है। पुलिस अधिकारी का कहना है कि मौके का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। जांच में जो भी तथ्य और प्रमाण सामने आएंगे, उनके आधार पर आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
Updated on:
03 Aug 2026 08:03 pm
Published on:
03 Aug 2026 08:03 pm
