
पीड़ित बैंक के मैनेजर नवीन कुमार शर्मा और स्कूटी से फरार होते लुटेरे. Photo- Patrika
जयपुर। राजधानी में अपराधियों के हौसले बुलंद हो रहे हैं। जयपुर के एक अपार्टमेंट में यूको बैंक के शाखा प्रबंधक को निशाना बनाते हुए दो नकाबपोश बदमाशों ने लिफ्ट के भीतर पिस्टल दिखाकर उनसे जेवरात लूट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
बिना नंबर की सफेद रंग की स्कूटी पर बैठकर जाते हुए आरोपी सीसीवीटी कैमरे में कैद भी हुए है। पुलिस ने सूचना मिलते ही नाकाबंदी करवाई, लेकिन आरोपियों का पता नहीं चल सका। वारदात से पहले लुटेरों ने पार्किंग में लगे सीसीटीवी कैमरों के डीवीआर से भी छेड़छाड़ की थी।
जवाहर नगर थाना पुलिस ने बताया कि यूको बैंक के शाखा प्रबंधक जवाहर नगर स्थित सिंधी कॉलोनी निवासी नवीन कुमार शर्मा सोमवार सुबह घर पर साईं कृपा अपार्टमेंट की लिफ्ट में पहुंचे। तभी पीछे से नकाबपोश दो लुटेरे भी लिफ्ट में घुस गए।
लुटेरों ने चौथी मंजिल पर जाना बताया और लिफ्ट चलने के दौरान आरोपियों ने पिस्टल तानकर जान से मारने की धमकी दी और गले से सोने की चेन तथा हाथ की अंगूठियां उतरवा लीं।
यह वीडियो भी देखें
लिफ्ट को वापस भूतल पर ले आए और अपार्टमेंट के बाहर खड़ी स्कूटी पर बैठकर भाग गए। लिफ्ट में स्थानीय एक किशोरी भी थी। किशोरी भी डर गई। एडिशनल डीसीपी पारस जैन ने बताया कि आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम जुटी है।
घटना के बाद बैंक मैनेजर सीढ़ियों के रास्ते अपने फ्लैट तक पहुंचे और परिवार के सदस्यों को वारदात के बारे में बताया। पीड़ित नवीन कुमार के परिजनों ने बताया कि घटना से सभी लोग दहशत में आ गए।
पुलिस जांच में सामने आया कि अपार्टमेंट में लगे सीसीटीवी कैमरे खराब थे, जिसके कारण लिफ्ट क्षेत्र की कोई फुटेज उपलब्ध नहीं हो सकी। हालांकि, आसपास की इमारतों में लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगालने पर 2 संदिग्ध सफेद रंग की बिना नंबर प्लेट वाली स्कूटी पर तेज गति से मौके से फरार होते दिखाई दिए।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित नवीन कुमार के पिता सेवानिवृत्त पुलिस सब इंस्पेक्टर हैं। पुलिस के अनुसार शिकायत के आधार पर लूट का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही एक्टिवा के संभावित रूट की भी पड़ताल की जा रही है। अपार्टमेंट के निवासियों का मानना है कि बदमाशों ने पहले से रेकी कर पूरी योजना बनाकर वारदात को अंजाम दिया।
Updated on:
03 Aug 2026 06:15 pm
Published on:
03 Aug 2026 06:08 pm
