
Baran News : बारां शहर के झालावाड़ रोड तेल फैक्ट्री क्षेत्र निवासी दो सगी बहनों इशिका (13 वर्ष) वर्ष और अदिति (3 वर्ष) की वायरल निमोनिया से कोटा में उपचार के दौरान मृत्यु होने से चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। बालिका इशिका की 30 अगस्त को कोटा के एक निजी अस्पताल में और अदिति की 7 सितंबर की शाम को कोटा से रेफर करने पर जयपुर ले जाने के दौरान मृत्यु हो गई थी।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (स्वास्थ्य) डॉ. निशांत सैनी ने पुष्टि की है कि दोनों बहनों की मृत्यु वायरल निमोनिया के कारण हुई है। अब क्षेत्र में घर-घर सर्वे कराया जा रहा है। मंगलवार को भी 70 घरों का सर्वे किया गया। इसमें बुखार के 5 व खांसी-जुकाम के दो मरीज मिले हैं।
उप मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. निशांत सैनी ने बताया कि झालावाड़ रोड पर निगम कार्यालय के पीछे पंकज विहार कॉलोनी निवासी धनराज सुमन की बेटी इशिका की 25 अगस्त को तबीयत बिगड़ने पर परिजनों ने मेडिकल स्टोर से दवा ली। 28 अगस्त को फिर हालत अधिक बिगड़ने पर शहर में चिकित्सक को दिखाया। बाद में परिजन उसे कोटा ले गए। कोटा में निजी अस्पताल में दिखाने के बाद उसे मैत्री अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 30 अगस्त को उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
इसी बीच 3 सितंबर को उसकी छोटी बहन अदिति की तबीयत खराब हुई। परिजनों ने उसे मैत्री अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से रेफर करने पर श्रीजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। श्रीजी से जयपुर ले जाते समय 7 सितंबर को रास्ते में उसने भी दम तोड़ दिया।
डॉ. निशांत सैनी ने बताया कि कोटा में दोनों बहनों का उपचार करने वाले डॉ. कमल वासनिक व डॉ. महेंद्र गुप्ता से चर्चा के बाद वायरल निमोनिया से मृत्यु की बात स्पष्ट हुई है। मृतक अदिति की मंगलवार को मिली ब्लड कल्चर रिपोर्ट नेगेटिव आई। दोनों बहनों की जांच में स्क्रब टाइफस और स्वाइन फ्लू की रिपोर्ट नेगेटिव रही।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से परिवार के अन्य सदस्यों पुत्र शुभम (20 वर्ष), पुत्री खुशी (18 वर्ष) व पिता धनराज सुमन की स्वाइन फ्लू व डेंगू की जांच रिपोर्ट भी नेगेटिव मिली है।