बारां

राजस्थान में यहां 40 करोड़ की अवैध विस्फोटक सामग्री और पटाखों का जखीरा जब्त, भंडारण देख सकते आए अधिकारी

बारां शहर के मंडोला गांव के समीप प्रमुख थोक आतिशबाजी विक्रेता फर्म के गोदामों पर पुलिस व प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई में तीन गोदामों से करीब 2 लाख 31 हजार 300 किलोग्राम विस्फोटक सामग्री, हजारों कार्टन पटाखे, सूतली बम, रसायन, पैकिंग मशीनें व अन्य उपकरण बरामद कर जब्त किए गए।

2 min read
Feb 23, 2026
फोटो पत्रिका

बारां। शहर के मंडोला गांव के समीप प्रमुख थोक आतिशबाजी विक्रेता फर्म के गोदामों पर पुलिस व प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई में तीन गोदामों से करीब 2 लाख 31 हजार 300 किलोग्राम विस्फोटक सामग्री, हजारों कार्टन पटाखे, सूतली बम, रसायन, पैकिंग मशीनें व अन्य उपकरण बरामद कर जब्त किए गए। जब्त उक्त विस्फोटक सामग्री की बाजार कीमत करीब 40 करोड़ रुपए आंकी गई है। इस मामले में फर्म के मालिक दो भाइयों को तीन दिन पहले गिरफ्तार कर लिया गया था।

ये भी पढ़ें

Rajasthan: गोदाम की आड़ में चल रही थी पटाखा फैक्टरी, कच्चा माल देख अधिकारी भी चौंके

भंडारण देख सकते आए अधिकारी

पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु ने बताया कि 20 फरवरी को सूचना मिली थी कि अटरू-बारां रोड स्थित आर-डी ब्रदर्स फर्म के गोदामों में अत्यधिक मात्रा में विस्फोटक सामग्री व पटाखों का अवैध भंडारण किया गया है। इससे आसपास रहने वाले लोगों की सुरक्षा को खतरा बना हुआ था। सूचना पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश चौधरी के निर्देशन तथा वृत्ताधिकारी हरिराम सोनी के सुपरविजन में कोतवाली प्रभारी भजनलाल आरपीएस (प्रोबेशन) व पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया तो वहां बड़ी मात्रा में अवैध विस्फोटक पटाखों का भंडारण एवं पटाखा निर्माण सामग्री पाई गई।

इसकी सूचना नगर परिषद आयुक्त व जिला प्रशासन को दी गई। इसके बाद नगरपरिषद टीम, उप जिला कलक्टर एवं संयुक्त जांच दल ने अटरू रोड स्थित आर-डी ब्रदर्स फर्म के तीनों गोदामों का निरीक्षण किया, जहां अवैध भंडारण और अग्निशमन सुरक्षा उपकरण भी नहीं मिलने पर नगर परिषद ने तीनों गोदामों को सील किया और कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया गया। भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री का भंडार देखकर अधिकारी भी सकते में आ गए।

338 क्विंटल सूतली बम और 5500 कार्टन पटाखे मिले

संयुक्त टीम ने 21 व 22 फरवरी को जब्ती कार्रवाई की गई। इस दौरान तीनों गोदामों की छतों एवं टीन शेड पर बड़ी मात्रा में नीले रंग के सूतली बम पटाखे सुखाने के लिए रखे हुए मिले, जिन्हें बाद में कट्टों में भरा गया। गोदामों से करीब 1350 सफेद कट्टे नीले, लाल व बिना रंग के सूतली बम पटाखों से भरे पाए गए, जिनका वजन लगभग 338 क्विंटल रहा। करीब 5500 कार्टनों में भरे करीब 1918 क्विंटल और 12 क्विंटल पटाखा निर्माण में प्रयुक्त विस्फोटक सामग्री पोटेशियम नाइट्रेट, सल्फर, चारकोल पाउडर, एल्युमिनियम पाउडर, नीला थोथा, मिश्रित विस्फोटक पदार्थ व फॉस्फेट के कट्टे भी मिले।

वहीं पटाखों में उपयोग होने वाला करीब 130 बोरी जर्दा (लगभग 45 क्विंटल), लाल बत्ती के 20 बंडल, पैकिंग मशीन, लेबल के कट्टे तथा विभिन्न प्रकार के पटाखों से भरे कार्टन भी जब्त किए गए। इस तरह गोदामों से करीब 2 लाख 31 हजार 300 किलोग्राम विस्फोटक सामग्री, हजारों कार्टन पटाखे, सूतली बम, रसायन, पैकिंग मशीनें व अन्य उपकरण बरामद किए गए।

Updated on:
23 Feb 2026 09:40 pm
Published on:
23 Feb 2026 09:37 pm
Also Read
View All

अगली खबर