
Baran: सरपंच की जिम्मेदारी संभालते हिमांशु (फोटो-पत्रिका)
बारां। राजस्थान के बारां जिले की ग्राम पंचायत दड़ा में इस बार सरपंच की कुर्सी पर एक ऐसा चेहरा बैठा है, जिसके परिवार का गांव की राजनीति और पंचायत से पुराना नाता रहा है। करीब 26 साल पहले उनके पिता कानसिंह चौधरी ने अटरू तहसील की इसी पंचायत की कमान संभाली थी। अब ग्रामीणों ने उनके बेटे हिमांशु चौधरी पर भरोसा जताते हुए गांव की सरकार चलाने की जिम्मेदारी सौंपी है। रविवार को नवनिर्वाचित सरपंच हिमांशु चौधरी ने विधिवत पदभार ग्रहण किया। इस मौके पर आयोजित समारोह में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी रही। पिता के बाद बेटे को मिली इस जिम्मेदारी ने दड़ा पंचायत में एक बार फिर चौधरी परिवार को चर्चा में ला दिया है।
पदभार ग्रहण करने के बाद हिमांशु चौधरी ने कहा कि उनके पिता करीब 26 वर्ष पहले सरपंच के तौर पर पंचायत की जिम्मेदारी संभाली थी। अब उन्हें भी ग्रामीणों की सेवा और पंचायत के विकास का अवसर मिला है। जनता ने जिस विश्वास के साथ उन्हें चुना है, उस पर खरा उतरना उनकी पहली प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने पंचायत क्षेत्र की जरूरतों को समझकर विकास कार्यों को आगे बढ़ाने और ग्रामीणों की अपेक्षाओं पर खरा उतरने की बात कही।
समारोह में पूर्व सरपंच कानसिंह चौधरी ने अपने राजनीतिक सफर और पंचायत से जुड़े अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि वर्ष 2000 में उन्होंने पहला पंचायत चुनाव लड़ा था। इसके बाद पंचायत राज के छह चुनावों में जनता ने उनका साथ दिया और उन पर भरोसा जताया। उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान कराए गए विकास कार्यों का भी जिक्र किया।
कानसिंह चौधरी ने कहा कि ग्रामीणों ने लंबे समय तक जो विश्वास और सहयोग दिया, वह उनके लिए हमेशा महत्वपूर्ण रहा है। अब उनके बेटे को पंचायत की जिम्मेदारी मिली है। ऐसे में जनता के भरोसे को बनाए रखना और विकास कार्यों के माध्यम से ग्रामीणों की उम्मीदों पर खरा उतरना जरूरी है। उन्होंने विश्वास जताया कि हिमांशु गांव के विकास को आगे बढ़ाने के लिए पूरी जिम्मेदारी से काम करेंगे।
पदभार ग्रहण समारोह में हिमांशु चौधरी का ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने माला पहनाकर स्वागत किया। कार्यक्रम में एडवोकेट विनोद प्रताप सिंह, व्यापार संघ अध्यक्ष मनोज प्रताप सिंह, राजेंद्र जैन, प्रेम सागर, लाल सिंह और आशीष शर्मा मौजूद रहे। इसके अलावा कोलूखेड़ा सरपंच सुरेश बैरवा, छत्रपुरा के लक्ष्मीकांत शर्मा, खरखड़ा सरपंच अक्षय मीणा और बड़ौरा सरपंच इमरान सहित कई जनप्रतिनिधियों ने भी समारोह में शिरकत की। कार्यक्रम का संचालन तरुण मीणा ने किया।
दड़ा पंचायत में अब ग्रामीणों की नजरें नए सरपंच हिमांशु चौधरी पर रहेंगी। पिता के पुराने राजनीतिक अनुभव और ग्रामीणों के नए भरोसे के बीच उनके सामने पंचायत के विकास और लोगों की अपेक्षाओं को पूरा करने की जिम्मेदारी होगी।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Updated on:
29 Nov 2026, 8:55 PM IST
Published on:
29 Nov 2026, 8:55 PM IST
बड़ी खबरें
View Allबारां
राजस्थान न्यूज़




