29 नवंबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Rajasthan / Baran / Emotional Story: जिस बेटे के सिर से बचपन में उठा पिता का साया, मां ने बर्तन धोकर पाला, पैरा कमांडो बन लौटा गांव तो छलक पड़े आंसू

Emotional Story: जिस बेटे के सिर से बचपन में उठा पिता का साया, मां ने बर्तन धोकर पाला, पैरा कमांडो बन लौटा गांव तो छलक पड़े आंसू

कभी दूसरों के घरों में बर्तन धोकर बच्चों का पेट पालने वाली मां के सिर पर रविवार को उसी बेटे ने सेना की टोपी रख दी, जिसके भविष्य के लिए उसने जिंदगीभर संघर्ष किया। आठ साल की उम्र में पिता को खोने वाले हेमंत ने अग्निवीर बनकर सेना में जगह बनाई और पैरा कमांडो की कठिन ट्रेनिंग पूरी की। जब वह वर्दी में घर लौटा और मां को सलामी दी तो वर्षों का संघर्ष खुशी के आंसुओं में बदल गया।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

बारां

•

image

Kamal Mishra

•

Updated: 29 Nov 2026, 8:06 PM IST

baran Inspirational Story

Inspirational Story: मां के साथ पैरा कमांडो हेमंत सुमन (फोटो-पत्रिका)

बारां। मां ने दूसरों के घरों में बर्तन धोए, मेहनत-मजदूरी की और कई मुश्किलें झेलकर अपने बच्चों को पाला। कभी हालात ऐसे थे कि परिवार के सामने भविष्य को लेकर अनिश्चितता थी, लेकिन मां ने बच्चों के सपनों को टूटने नहीं दिया। आज उसी मां का बेटा भारतीय सेना में पैरा कमांडो की कठिन ट्रेनिंग पूरी कर घर लौटा तो उसकी आंखों में खुशी के आंसू थे। बेटे ने घर पहुंचते ही मां को सलामी दी और अपने सिर से सेना की टोपी उतारकर उनके सिर पर रख दी। यह दृश्य देखकर वहां मौजूद हर शख्स भावुक हो गया। छबड़ा के हेमंत कुमार सुमन की यह कहानी संघर्ष, मां के त्याग और बेटे के संकल्प की मिसाल बन गई है।

हेमंत के लिए यह मुकाम हासिल करना आसान नहीं था। वर्ष 2014 में जब वह महज 8 साल का था, तभी उसके पिता का निधन हो गया। पिता के जाने के बाद परिवार की जिम्मेदारी मां आशा देवी के कंधों पर आ गई। परिवार में दो बेटे और एक बेटी थे। आर्थिक हालात चुनौतीपूर्ण थे, लेकिन आशा देवी ने हार नहीं मानी। उन्होंने दूसरों के घरों में काम किया और बर्तन धोकर तीनों बच्चों का पालन-पोषण किया। खुद कठिन परिस्थितियों में रहकर भी उन्होंने बच्चों की परवरिश और उनके भविष्य के लिए मेहनत जारी रखी।

अग्निवीर बना तो परिवार की उम्मीदों को मिले पंख

मां के इसी संघर्ष के बीच हेमंत ने सेना में जाने का सपना देखा। वर्ष 2025 में उसका अग्निवीर योजना के तहत भारतीय सेना में चयन हुआ। इसके बाद उसने करीब एक साल तक कठिन सैन्य प्रशिक्षण लिया। इसी दौरान उसने पैरा कमांडो की विशेष ट्रेनिंग भी पूरी की। यह उपलब्धि केवल हेमंत की मेहनत का परिणाम नहीं थी, बल्कि उस मां के वर्षों के संघर्ष का भी प्रतिफल थी, जिसने मुश्किलों के बावजूद बेटे को आगे बढ़ने का हौसला दिया।

मां के सिर पर रखी सेना की टोपी, छलक पड़े आंसू

रविवार को हेमंत अपने साथियों के साथ छबड़ा पहुंचा तो लोगों ने जगह-जगह फूल-मालाओं से उसका स्वागत किया। देशभक्ति के नारों के बीच पूरा कस्बा उसकी उपलब्धि पर खुशी जताता नजर आया। लेकिन सबसे भावुक पल घर पहुंचने पर आया। हेमंत ने सबसे पहले मां आशा देवी को सैन्य अंदाज में सलामी दी। इसके बाद अपने सिर से सेना की टोपी उतारकर मां के सिर पर रख दी। बेटे को वर्दी में देखकर मां की आंखें भर आईं। उन्होंने बेटे को गले लगाकर आशीर्वाद दिया।

हेमंत के भाई हरीश सुमन ने बताया कि परिवार ने काफी कठिन समय देखा है। पिता के निधन के बाद मां ने मेहनत करके तीनों भाई-बहनों को बड़ा किया। आज छोटे भाई ने सेना में पहुंचकर कठिन ट्रेनिंग पूरी की है, यह पूरे परिवार के लिए गर्व का क्षण है। हेमंत की सफलता ने मां के वर्षों के संघर्ष को एक नई पहचान दी है।

यह वीडियो भी देखें :