
छत पर सूखने के लिए रखे पटाखे (फोटो-पत्रिका)
बारां। युवक के आत्मदाह की चेतावनी के बाद अवैध पटाखा फैक्टरी के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। एनएच-90 पर बारां जिला मुख्यालय से सटे मंडोला में शुक्रवार को अवैध पटाखा फैक्टरी का भंडाफोड़ हुआ। इसके बाद प्रशासन की ओर से इस गोदाम को सीज कर दिया गया, जहां पटाखा बनाने का काम चल रहा था।
जानकारी के अनुसार, सुबह इस गोदाम के समीप क्षेत्र में रहने वाले एक युवक ने गोदाम के बाहर पहुंचकर हाथ में पेट्रोल भरी बोतल लेते हुए आत्मदाह की चेतावनी दी थी। युवक का आरोप था कि इस गोदाम का लाइसेंस भंडारण का है लेकिन यहां अवैध रूप से बड़े पैमाने पर पटाखे बनाए जा रहे हैं। शिकायतों के बाद भी कार्रवाई नहीं हुई, ऐसे में उसे यह कदम उठाना पड़ रहा है।
युवक की यह पोस्ट वायरल होने के बाद पुलिस-प्रशासन हरकत में आया। मौके पर बारां एसडीएम विश्वजीत सिंह, कोतवाली प्रभारी भजनलाल, नगर परिषद के कार्यवाहक आयुक्त भुवनेश मीणा आदि पहुंच गए व जांच की।
बारां एसडीएम विश्वजीत सिंह ने बताया कि आरडी ब्रदर्स के नाम पर मंडोला में यह गोदाम है। यहां भंडारण व बेचान का ही लाइसेंस है, मैनुफैक्चरिंग का लाइसेंस नहीं है लेकिन मौके पर जांच में सामने आया कि गोदाम को अवैध रूप से फैक्टरी बनाया हुआ था और यहां पटाखों का निर्माण हो रहा है। इसके बाद गोदाम को सीज कर दिया गया। अब एक्सप्लोजिव एक्ट के तहत गोदाम मालिक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराएंगे।
एसडीएम के अनुसार गोदाम में पटाखे बनाने के काम आने वाला काफी कच्चा माल मिला है। इसके अलावा एक कट्टे में काला पाउडर भी मिला, जांच करवा रहे हैं कि यह बारूद है या कुछ और। गोदाम में 4 भवन हैं। इसमें एक भवन को लेकर गोदाम मालिक ने बताया कि यहां बारदाना रखा जाता है। खुलवाकर देखने पर इसमें भी पैक्ड पटाखे मिले। ऊपर छत पर सूखने के लिए बिछा रखा आधा तैयार माल देखकर भी अधिकारी चौंक गए।
पुलिस-प्रशासन के मौके पर पहुंचने व जांच के बाद भी सख्त कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए युवक ने खुद पर पेट्रोल भी छिड़क लिया। इससे एकबारगी हड़कम्प मच गया। मौके पर पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ा।
उल्लेखनीय है कि अभी पांच दिन पहले 16 फरवरी को अलवर जिले के भिवाड़ी के नजदीक अवैध पटाखा फैक्टरी में हुए विस्फोट से 7 जनों की मौत हुई थी।
Updated on:
20 Feb 2026 06:58 pm
Published on:
20 Feb 2026 06:58 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
