
बारां डिपो की बसें (फोटो-पत्रिका)
बारां। जिले के रोडवेज बेड़े में कभी 90 बसें हुआ करती थीं, लेकिन आज करीब आधी बसें ही रह गई हैं। ऐसे में कई रूट पर बसों का संचालन नहीं हो पा रहा है। तो कभी रूट पर कम फेरे लग रहे हैं। अब मौजूदा सरकार की ओर से रोडवेज बेड़े को मजबूत करने की दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं। ऐसे में बारां डिपो के बेड़े में भी नई बसों की आवक होने जा रही है।
रोडवेज डिपो सूत्रों ने बताया कि रोडवेज अपने स्तर पर भी खरीद कर रहा है। यहां से 10 बसों की डिमांड भेजी गई है। वहीं अनुबंधित बसों को लेकर भी उच्च स्तर पर खरीद प्रक्रिया पूरी हो गई है। मुख्यमंत्री की ओर से बसों को हरी झंडी दिखाने के बाद बारां डिपो में भी अनुबंधित बसें आएंगी, इनकी संख्या 7 है। अगले महीने में बारां डिपो का बेड़ा बढ़ने की उम्मीद है।
रोडवेज सूत्रों के अनुसार अभी कम बसें होने के कारण कुछ रूट पर बसें कम चल रही हैं, कुछ रूट पर नहीं चल पा रही हैं। अगले महीने बसें मिलने के बाद जयपुर के लिए मांगरोल-इटावा होते हुए नए रूट पर बस चलाई जाएगी। इसी तरह कस्बा थाना रूट पर शाम के समय बसों की कमी को देखते हुए इस रूट पर भी बस चलेगी। कोटा-झालावाड़ रूट पर भी फेरे बढ़ेंगे।
बारां डिपो की संचालित बसों में से कई क्षमता से अधिक चल चुकी हैं। वहीं कई बार रास्ते में खराब हो जाती हैं। पिछले दिनों ही शहर के प्रताप चौक पर बस बंद हुई तो धक्के लगाने पड़े थे। कुछ की बॉडी बहुत पुरानी हो चुकी है। पिछले साल नाहरगढ़ मार्ग पर दौड़ रही एक बस के फर्श में बड़ा छेद होने से उसमें से गिरी छोटी बच्ची की मौत तक हो गई थी।
रोडवेज की 10 व अनुबंधित 5, कुल 17 बसों की यहां से डिमांड है। उच्च स्तर पर प्रक्रिया पूरी हो रही है, अगले महीने बारां डिपो को भी बसें मिलेंगी। इसके बाद काफी राहत मिलेगी। -योगेन्द्र सिंह, मुख्य प्रबंधक, बारां डिपो
Published on:
18 Feb 2026 05:43 pm
बड़ी खबरें
View Allबारां
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
