बारां

Rajasthan: नरेश मीणा की गिरफ्तारी को लेकर बारां पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 6 ठिकानों पर छापे; कई संदिग्ध डिटेन

Naresh Meena News: नरेश मीणा की तलाश में पुलिस ने आधा दर्जन से अधिक ठिकानों पर छापेमारी की। 6 वाहन जब्त कर 8 संदिग्धों को हिरासत में लिया। वनकर्मियों से मारपीट मामले में पुलिस का सर्च अभियान जारी है।
2 min read
• •
Updated: 9 Nov 2026, 9:51 PM IST
naresh meena search operation
भगत सेना प्रमुख, नरेश मीणा (पत्रिका फोटो)

Naresh Meena Search Operation: बारां: भगत सेना प्रमुख नरेश मीणा की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। नाहरगढ़ वन रेंज कार्यालय में वनकर्मियों के साथ मारपीट और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के मामले में बारां पुलिस उनकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है। सोमवार को अटरू डीएसपी रामानंद यादव के नेतृत्व में पुलिस की अलग-अलग टीमों ने बारां-झालावाड़ सीमा से सटे गांवों में सर्च अभियान चलाया। इस दौरान आधा दर्जन से अधिक संभावित ठिकानों पर छापेमारी की गई। पुलिस ने 6 संदिग्ध वाहन जब्त किए हैं, जबकि 8 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

25 पैसे का इनाम घोषित, फिर भी पुलिस की पकड़ से दूर

नरेश मीणा की गिरफ्तारी के लिए बारां पुलिस ने महज 25 पैसे का इनाम घोषित किया है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक आनंद के नेतृत्व में विशेष टीमें पिछले तीन दिनों से संभावित ठिकानों पर लगातार तलाश कर रही हैं। इसके बावजूद अभी तक नरेश मीणा का कोई पता नहीं चल पाया है। अटरू डीएसपी रामानंद यादव के मुताबिक, नाहरगढ़ में वनकर्मियों के साथ मारपीट के मामले में नरेश मीणा वांछित हैं। पुलिस इस मामले में पहले ही चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। अब मुख्य आरोपी की तलाश में अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी जा रही है।

25 पैसे का इनाम क्यों बना चर्चा का विषय?

पुलिस की ओर से घोषित 25 पैसे का इनाम इस पूरे मामले में चर्चा का विषय बना हुआ है। आमतौर पर फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए हजारों या लाखों रुपए का इनाम घोषित किया जाता है, लेकिन यहां पुलिस ने चवन्नी का इनाम रखा है। इस कदम को पुलिस की एक अलग रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है। इसका उद्देश्य आरोपी को आर्थिक लालच के जरिए पकड़वाने के बजाय उसके प्रभाव और रुतबे को चुनौती देने का संदेश देना माना जा रहा है। पुलिस का संदेश साफ है कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता या समर्थकों की संख्या कानून से ऊपर नहीं है।

पहले भी घोषित हो चुका है 25 पैसे का इनाम

राजस्थान में इस तरह का मामला पहले भी सामने आ चुका है। भरतपुर पुलिस ने भी एक मोस्ट वांटेड अपराधी के खिलाफ इसी तरह 25 पैसे का इनाम घोषित किया था। बारां में नरेश मीणा के मामले में भी पुलिस की इस कार्रवाई ने लोगों का ध्यान खींचा है।

1 नवंबर को वन विभाग कार्यालय में हुआ था विवाद

पूरा मामला 1 नवंबर का है। नाहरगढ़ कस्बे में चुनाव प्रचार के दौरान वन विभाग की ओर से एक ट्यूबवेल का पम्पसेट और जनरेटर जब्त किए जाने को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि इसके बाद नरेश मीणा समर्थकों की भीड़ के साथ वन विभाग के रेंज कार्यालय पहुंचे और वहां हंगामा किया।

वनकर्मियों का आरोप है कि इस दौरान उनके साथ मारपीट की गई और कार्यालय में तोड़फोड़ कर जब्त किया गया सामान जबरन ले जाया गया। घटना के बाद वन विभाग की शिकायत पर अटरू और नाहरगढ़ थानों में राजकार्य में बाधा, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने से संबंधित कानून और बीएनएस की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।

पहले सरेंडर की बात कही, अब कोर्ट जाने का दावा

नरेश मीणा ने 6 नवंबर को सोशल मीडिया के जरिए आत्मसमर्पण करने की घोषणा की थी, लेकिन इसके बाद वह पुलिस के सामने पेश नहीं हुए। हालिया सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने पुलिस के सामने सरेंडर करने के बजाय सीधे न्यायालय की शरण लेने की बात कही है। उधर, बारां पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश जारी है और उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार नजर रखे हुए हैं।

Updated on:
9 Nov 2026, 9:51 PM IST
Published on: