बारां

बारां में आज से लगेगा कोरोना के खात्मे का टीका

पहले दिन बारां, छबड़ा और केलवाड़ा में लगेंगे 300 टीके
2 min read
• •
Updated: 15 Jan 2021, 11:31 PM IST
बारां में आज से लगेगा कोरोना के खात्मे का टीका
बारां में आज से लगेगा कोरोना के खात्मे का टीका

बारां. जिले में कोरोना वैक्सीनेशन के पल पास आ ही गए। बारां के जिला जिला अस्पताल, केलवाड़ा व छबड़ा में शनिवार को पहले दिन तीन सौ स्वाथ्य कर्मचारियों को वैक्सीन के टीके लगेंगे। इसके लिए शुक्रवार दोपहर को स्वास्थ्य भवन स्थित जिला वैक्सीन स्टोर से तीनों सेशन साइट पर सुरक्षा व्यवस्था के साथ वैक्सीन पहुंचाई गई। जिले को 9180 कोविशील्ड वैक्सीन डोज मिली है। इसमें से सबसे अधिक जिला चिकित्सालय को 6सौ तथा छबड़ा को 230 व केलवाड़ा को 390 डोज उपलब्ध कराई गई है। जिले में विभिन्न चरणों के लिए कुल 9102 स्वास्थ्य कर्मचारियों का चयन किया गया है। इसमें से पहले चरण में शनिवार को तीनों वैक्सीनेशन सेन्टर पर 100-100 कर्मचारियों को लगाई जाएगी। वैक्सीनेशन के दौरान केलवाड़ा में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग भी होगी।

एक ही कंपनी की खुराक देंगे
सीएमएचओ डॉ. संपतराज नागर ने बताया कि कोरोना वैक्सीन पूरी तरह से सुरक्षित है। इसको लेकर सभी प्रकार की भ्रांतियों से दूर रहें। वैक्सीनेशन की शुरुआत पूरे देश में एक साथ हो रही है। वैक्सीनेशन प्रक्रिया में लाभार्थी को 0.5 एमएल की पहली खुराक दी जाएगी। पहली खुराक के 28 दिन बाद दूसरी खुराक भी उसी कंपनी की 0.5 एमएल दी जाएगी। वैक्सीनेशन के दौरान अन्य स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित ना हो इसके लिए सप्ताह में केवल 4 दिन वैक्सीनेशन किया जाएगा। गुरुवार, रविवार व राजकीय अवकाश के दिन वैक्सीनेशन नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 31 जनवरी तक 3 सत्र स्थल पर प्रतिदिन के अनुसार टीकाकरण किया जाएगा।

9 हजार लाभार्थियों का डेटा अपलोड
कोविड 19 वैक्सीनेशन के लिए कोविन सॉफ्टवेयर में जिले से करीब 9 हजार 102 लाभार्थियों का डाटा अपलोड किया जा चुका है। जिसमें सरकारी व निजी हेल्थ वर्कर्स शामिल है। सभी सेशन साइटो पर एईएफआई केसों के उपचार व जरूरत के समय उन्हें रेफर करने की पूर्ण व्यवस्था की गई है।

Updated on:
15 Jan 2021, 11:31 PM IST
Published on: