Baran Mandi Update: बारां कृषि उपज मंडी में फसल कटाई के साथ ही कृषि जिंसों की आवक तेजी से बढ़ने लगी है। सोमवार को मंडी में करीब सवा लाख कट्टों की आवक दर्ज की गई, जिसमें सरसों और गेहूं की सबसे ज्यादा आवक रही।
Mandi Bhav: फसल कटाई-थ्रेसिंग का सिलसिला तेज होने के साथ बाजार में कृषि जिंसों की आवक बढ़ने लगी है। बारां शहर स्थित कृषि उपज मंडी में सोमवार को कृषि जिंसों की सवा लाख कट्टे आवक हुई। ऐसे में मंडी में जिंसों की ढेरियां लगी रही। व्यापार संघ अध्यक्ष मनीष लश्करी ने बताया कि कृषि उपज मंडी में सोमवार को सभी कृषि जिंसों की नीलामी हुई जिसमें लगभग 70000 कट्टे सरसों की आवक हुई।
सरसों के भाव अधिकतम 6451 रुपए प्रति क्विंटल तक बिकी। गेहूं की आवक लगभग 45000 कट्टे रही, अधिकतम भाव 2530 रुपए प्रति क्विंटल बिका। चना की आवक लगभग 1000 कट्टे रही, अधिकतम भाव 5000 रुपए प्रति क्विंटल रहे। धनिया की आवक लगभग 2200 बोरी व अधिकतम भाव 10399 रुपए प्रति क्विटंल रहे।
आगामी दिनों में कृषि जिंसों की आवक और बढ़ेगी। ऐसे में मंडी में व्यवस्था समेत शहर में यातायात व्यवस्था को लेकर पहले ही निर्णय लागू कर दिए गए। किसानों की ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को रात 10 बजे से सुबह 10 बजे तक मंडी में प्रवेश दिया जा रहा है वहीं खाली या भरी ट्रैक्टर-ट्रॉलियां शहर में होकर प्रवेश नहीं करेंगी।
बारां. जिले में पांच एजेंसियों की ओर से 24 केन्द्रों पर गेहूं की सरकारी खरीद 10 मार्च से शुरू होनी है। इनमें राजफेड के 13 केन्द्र शामिल हैं, लेकिन 10 मार्च से इनमें से केवल चार केन्द्रों पर ही खरीद शुरू हो पाएगी। वहीं सरकार की ओर से बोनस के कोई आदेश भी यहां नहीं आए हैं। ऐसे में 2585 रुपए प्रति क्विंटल से खरीद होगी। जानकारी के अनुसार राजफेड के 13, एफसीआई के 4, तिलम संघ के 4, एनसीसीएफ के 2 व नेफेड के 1 केन्द्र पर खरीद होनी है।
इनमें राजफेड के 13 में से केवल चार केन्द्र अटरू, छीपाबड़ौद, अन्ता व समरानियां में ही खरीद शुरू हो पाएगी। बाकी के 9 केन्द्रों पर निविदा प्रक्रिया सफल नहीं हो पाने से दुबारा टेंडर होंगे। सूत्रों के अनुसार 5 केन्द्रों पर ज्यादा दरें आई, 1 में डीडी गलत बनने से कैंसिल हो गया व 3 की आगे से स्वीकृत नहीं हुई। ऐसे में 10 मार्च से केवल 4 केन्द्रों पर ही गेहूं खरीद शुरू हो पाएगी। शेष 9 केन्द्रों पर रि-टेंडरिंग होने के बाद अगले कुछ दिनों में खरीद शुरू कर देंगे। बोनस संबंधित कोई आदेश अब तक नहीं मिला है।
राजेन्द्र कुमार चौहला, उप रजिस्ट्रार सहकारी समितियां, बारां