बारां

Rajasthan Nikay Chunav: छबड़ा में चुनाव से पहले कांग्रेस को झटका, प्रत्याशी गोलू सुमन भाजपा में शामिल

छबड़ा निकाय चुनाव के नामांकन के अंतिम दिन छबड़ा नगर पालिका के वार्ड 20 में तस्वीर अचानक बदल गई। कांग्रेस की ओर से घोषित प्रत्याशी गोलू सुमन नामांकन दाखिल करने ही नहीं पहुंचे और बाद में भाजपा में शामिल हो गए।
2 min read
Sep 02, 2026
Congress candidate joins BJP
Congress candidate joins BJP (Photo-Patrika)

Chhabra Nagar Palika Election 2026: छबड़ा (बारां)। निकाय चुनाव के नामांकन के अंतिम दिन छबड़ा नगर पालिका के वार्ड 20 में तस्वीर अचानक बदल गई। कांग्रेस की ओर से घोषित प्रत्याशी गोलू सुमन नामांकन दाखिल करने ही नहीं पहुंचे और बाद में भाजपा में शामिल हो गए। भाजपा चुनाव प्रभारी हेमंत नागर ने गोलू को पार्टी का दुपट्टा पहनाकर भाजपा में शामिल किया। इस वार्ड से भाजपा ने विपिन शर्मा को अपना प्रत्याशी बनाया है।

गोलू सुमन के अनुसार नामांकन के लिए आवश्यक दस्तावेज तैयार करवाने में सहयोग नहीं मिलने के कारण वे कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में अपना नामांकन दाखिल नहीं कर सके। कांग्रेस ने वार्ड 20 से गोलू सुमन के नाम पर अपना सिंबल तय किया था और सूची में उनका नाम शामिल था, लेकिन नामांकन दाखिल करने के अंतिम समय तक वे रिटर्निंग अधिकारी के समक्ष नहीं पहुंचे।

छबड़ा नगर पालिका में कुल 35 वार्ड हैं। नामांकन प्रक्रिया के दौरान कांग्रेस के 34 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया, जबकि वार्ड 20 से घोषित प्रत्याशी का नामांकन दाखिल नहीं हो सका। अंतिम समय में प्रत्याशी के पाला बदलने से कांग्रेस को झटका लगा है।

निकाय चुनाव: संवीक्षा में 39 नामांकन खारिज

छबड़ा नगर पालिका चुनाव की नामांकन प्रक्रिया के बाद मंगलवार को हुई संवीक्षा में चुनावी तस्वीर में बड़ा बदलाव सामने आया। 216 नाम निर्देशन पत्रों की जांच में 39 नामांकन अस्वीकार कर दिए गए, जबकि 143 अभ्यर्थियों के नामांकन वैध पाए गए। संवीक्षा के बाद अब नाम वापसी के साथ चुनावी मुकाबले की तस्वीर पूरी तरह साफ होगी।

रिटर्निंग अधिकारी सपना कुमारी ने बताया कि नाम निर्देशन की निर्धारित अवधि में कुल 216 नाम निर्देशन पत्र प्राप्त हुए, जिनमें 164 अभ्यर्थी शामिल थे। नियमानुसार संवीक्षा के बाद 177 नाम निर्देशन पत्र स्वीकार किए गए, जिनमें 143 अभ्यर्थी शामिल हैं, जबकि निर्धारित नियमों एवं प्रावधानों के तहत 39 नाम निर्देशन पत्र अस्वीकार किए गए।

Updated on:
02 Sept 2026 11:32 am
Published on:
02 Sept 2026 11:32 am