बारां

Kota Student Death: कोटा में नर्सिंग की पढ़ाई कर रहे पत्रकार के बेटे की मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

Kota Student Death: कोटा में नर्सिंग की पढ़ाई कर रहे एक छात्र की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। मृतक छात्र बारां जिले के कवाई निवासी राजस्थान पत्रिका के संवाददाता का पुत्र था।

2 min read
Apr 22, 2026
Kota Student Death
मृतक बीएससी नर्सिंग का छात्र रौनक (फोटो-पत्रिका)

बारां। कोटा में नर्सिंग की पढ़ाई कर रहे एक छात्र की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद अस्पताल में मौत हो गई। मृतक रौनक गौतम (21) बारां जिले के कवाई निवासी और राजस्थान पत्रिका के संवाददाता व वितरक गजेन्द्र गौतम का पुत्र था। इस घटना से परिवार सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

जानकारी के अनुसार रौनक कोटा में रहकर बीएससी नर्सिंग की पढ़ाई कर रहा था। सोमवार को उसने तृतीय सेमेस्टर की परीक्षा दी और इसके बाद अपने कमरे पर लौट आया। शाम के समय उसकी अचानक तबीयत खराब हो गई। उसे तेज पेट दर्द हुआ और उल्टियां शुरू हो गईं। परिजन उसे तत्काल एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार किया गया।

वेंटिलेटर पर था छात्र

हालत में सुधार नहीं होने पर देर रात उसे कोटा के एमबीएस अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। वहां डॉक्टरों ने उसे भर्ती कर इलाज शुरू किया। चिकित्सकों के अनुसार रौनक को पीलिया (जॉन्डिस) हो गया था और उसकी स्थिति तेजी से बिगड़ती चली गई। इसके साथ ही उसे सांस लेने में भी दिक्कत होने लगी, जिस पर उसे वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया।

नहीं बच सकी जान

एमबीएस अस्पताल में उपचार के दौरान मंगलवार तड़के रौनक ने दम तोड़ दिया। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत काफी गंभीर हो चुकी थी और लगातार प्रयासों के बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

घटना की सूचना मिलते ही परिजन और परिचित अस्पताल पहुंच गए। युवक की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मंगलवार को कवाई में गमगीन माहौल में उसका अंतिम संस्कार किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।

नर्सिंग के क्षेत्र में करियर बनाना चाहता था रौनक

मृतक छात्र के पिता ने बताया कि रौनक पढ़ाई में मेधावी छात्र था और नर्सिंग के क्षेत्र में अपना करियर बनाना चाहता था। अचानक हुई इस घटना ने सभी को स्तब्ध कर दिया है।

Updated on:
21 Apr 2026 10:46 pm
Published on:
22 Apr 2026 06:05 am