बारां

बारां: पुलिस को चकमा देकर चुनावी सभा में पहुंचा फरार नरेश मीणा, ग्रामीणों से वोट मांगे और फिर गायब; एक हफ्ते से ढूंढ रही पुलिस

बारां में फरार नरेश मीणा पुलिस को चकमा देकर बड़ोदिया गांव पहुंचा और चुनावी सभा को संबोधित किया। हाथी चुनाव चिन्ह पर वोट मांगने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
2 min read
• •
Updated: 12 Nov 2026, 9:52 AM IST
Naresh Meena Election Campaign
सभा को संबोधित करते हुए नरेश मीणा (Photo-Patrika)

बारां. नाहरगढ़ के वन विभाग कार्यालय में हुई तोड़फोड़ और मारपीट के मामले में फरार चल रहे नरेश मीणा का एक वीडियो सामने आया है। वीडियो में वह बड़ोदिया गांव में चुनावी सभा को संबोधित करते नजर आ रहा है। बताया जा रहा है कि नरेश मीणा बीती रात बाइक से गांव पहुंचा और ग्रामीणों के बीच सभा को संबोधित करने के बाद वहां से चला गया। इस दौरान उसने आगामी चुनाव में हाथी चुनाव चिन्ह पर वोट देने की अपील भी की। सभा का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

बाइक से गांव पहुंचा, ग्रामीणों के बीच की सभा

जानकारी के अनुसार, नरेश मीणा 1 नवंबर को नाहरगढ़ स्थित वन विभाग कार्यालय में हुई तोड़फोड़ और मारपीट की घटना के बाद से फरार है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है। इसी बीच वह अचानक बाइक से बड़ोदिया गांव पहुंच गया। गांव में समर्थकों को जब उसके आने की जानकारी मिली तो लोग उसके आसपास जुट गए। इसके बाद नरेश मीणा ने ग्रामीणों को संबोधित किया और आगामी चुनाव में हाथी चुनाव चिन्ह पर मतदान करने की अपील की। सभा को संबोधित करने के कुछ देर बाद वह वहां से चला गया।

एक सप्ताह से तलाश में जुटी है पुलिस

नरेश मीणा की तलाश में बारां जिले के आधा दर्जन से अधिक थानों की पुलिस पिछले एक सप्ताह से सर्च अभियान चला रही है। पुलिस की टीमें उसके संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं। जानकारी के मुताबिक, अब तक एक दर्जन से ज्यादा जगहों पर दबिश दी जा चुकी है, लेकिन नरेश मीणा का पता नहीं चल पाया है।

दूसरी ओर, उसके चुनाव प्रचार से जुड़ी गतिविधियां भी सामने आ रही हैं। बताया जा रहा है कि वह कुछ जगहों पर मोबाइल फोन के जरिए लोगों की सभाओं को संबोधित कर रहा है। अब बड़ोदिया गांव में पहुंचकर सभा करने का वीडियो सामने आने के बाद यह मामला चर्चा में है।

पुलिस की कार्रवाई पर उठ रहे सवाल

एक तरफ पुलिस उसकी तलाश में अभियान चला रही है, वहीं दूसरी तरफ उसका चुनावी सभा में पहुंचने का वीडियो सामने आया है। इससे पुलिस की तलाश और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। मामले में पुलिस अधिकारियों का पक्ष जानने के लिए फोन पर संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन फोन नहीं उठाया गया। पुलिस की ओर से इस संबंध में आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।