
बारां। राजस्थान में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक तस्कर और उसके परिजनों की करीब 3.76 करोड़ रुपए की संपत्ति फ्रीज करवाई है। आरोपी ने मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित अवैध कमाई से अपने और रिश्तेदारों के नाम पर चल-अचल संपत्तियां बना रखी थीं। पुलिस के वित्तीय अनुसंधान में आरोपी का तस्करी नेटवर्क प्रदेश के छह जिलों तक फैला होने का खुलासा हुआ है। आरोपी की मां पूर्व में सरपंच रह चुकी है।
यह कार्रवाई ऑपरेशन वज्र प्रहार के तहत हरनावदाशाहजी थाना पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट में की है। पुलिस के अनुसार, भटगांव निवासी अरविन्द मीणा ने तस्करी से हासिल अवैध आय से खुद के अलावा अपनी पत्नी सुनीता बाई, भाई दीपक मीणा और साले लोकेश के नाम पर संपत्तियां अर्जित की थीं। वित्तीय अनुसंधान में इन संपत्तियों और अवैध कमाई के बीच संबंध सामने आने के बाद पुलिस ने सक्षम प्राधिकारी से फ्रीजिंग की पुष्टि का आदेश प्राप्त किया। इसके बाद करीब 3 करोड़ 76 लाख रुपए मूल्य की संपत्तियों को फ्रीज कर दिया गया।
पुलिस उपाधीक्षक ताराचंद ने बताया कि फ्रीज की गई संपत्तियों में तीन दोपहिया और एक चारपहिया वाहन, एक बेशकीमती भूखंड तथा लेनदेन से जुड़े तीन बैंक खाते शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने बड़े तस्करी गिरोहों के साथ मिलकर मादक पदार्थों के अवैध कारोबार से संपत्ति बनाई थी। वित्तीय जांच के जरिए तस्करी से अर्जित धन और संपत्तियों का पता लगाया गया।
थानाधिकारी भंवरसिंह जाखड़ के अनुसार, अरविन्द मीणा का नेटवर्क जोधपुर, टोंक, भीलवाड़ा, सवाई माधोपुर, सिरोही और झालावाड़ तक फैला हुआ था। पुलिस जांच में जिन तस्करों के साथ उसके संपर्क और संलिप्तता की जानकारी सामने आई है, उनमें जोधपुर के पीपाड़सिटी निवासी रिजवान खान, टोंक निवासी सलीम मियान, जोधपुर के बीसलपुर निवासी श्रवणराम, सवाई माधोपुर निवासी विजयकुमार और भीलवाड़ा के मांडलगढ़ निवासी सुरेश गुर्जर शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक, अरविन्द के खिलाफ हरनावदाशाहजी और छीपाबड़ौद थानों में एनडीपीएस एक्ट के तहत कई मामले दर्ज हैं। पुलिस अब तस्करी नेटवर्क और अवैध संपत्तियों से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है।