बारां

Baran News : RPS के डॉक्टर पति ने धौंस दिखाकर होटल में की तोड़फोड़, संचालक को पीटा

शहर के कोटा रोड स्थित एक होटल में शनिवार देर रात आरपीएस के चिकित्सक पति ने अपने साथियों के साथ तोड़फोड़ कर दी।
2 min read
• •
Updated: 2 Jul 2024, 9:15 AM IST
Feature image

बारां. शहर के कोटा रोड स्थित एक होटल में शनिवार देर रात आरपीएस के चिकित्सक पति ने अपने साथियों के साथ तोड़फोड़ कर दी। उन्होंने संचालक और स्टाफ के साथ मारपीट भी की। संचालक का कहना है कि चिकित्सक ने देर रात स्टाफ से बीयर की मांग की थी। मना करने पर उसने मारपीट की। वहीं चिकित्सक का कहना है कि होटल स्टाफ ने उनके साथ आई महिला चिकित्सक के साथ अभद्रता की। सारा वाकया होटल में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। दोनों पक्षों ने इस सम्बन्ध में कोतवाली थाने में शिकायत दी है।

होटल में शनिवार देर रात एक दवा कम्पनी की ओर से चिकित्सकों की कार्यशाला आयोजित की गई थी। कार्यशाला में बारां जिला मुख्यालय पर तैनात आरपीएस पूजा नागर के पति डॉक्टर दीपक नागर भी अपने कुछ साथियों के साथ आए थे। नागर जिला अस्पताल में शिशु रोग विशेषज्ञ हैं। होटल संचालक मनोज अग्रवाल ने आरोप लगाया कि इस कार्यक्रम में करीब एक दर्जन चिकित्सक थे।

आरपीएस...

कार्यक्रम खत्म होने पर कुछ चिकित्सक खाना खाकर चले गए, जबकि नागर और उनके कुछ साथी वहीं मौजूद थे। उन्होंने होटल स्टाफ से बीयर मांगी। मना करने पर उन्होंने हंगामा करना शुरू कर दिया। पहले उन्होंने स्टाफ से झगड़ा किया। फिर जब वे समझाने गए तो उनके साथ मारपीट की। होटल में तोड़फोड़ कर दी। उधर चिकित्सक दीपक नागर का कहना है कि होटल स्टाफ ने एक महिला चिकित्सक के साथ अभद्रता की। इस बात को लेकर निचले फ्लोर पर होटल संचालक को घटना की जानकारी देने पहुंचे तो वहां कहासुनी के बाद हाथापाई कर दी। होटल स्टाफ लठ निकाल लाए। धक्कामुक्की के दौरान वहां शीशा टूट गया।

आरपीएस की गाड़ी ले गया गनमैन

घटना के बाद दोनों पक्ष कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराने पहुंच गए। वहां आरपीएस का गनमैन राजेश व चालक भी सरकारी गाड़ी लेकर पहुंच गए। उन्होंने थाने में धमकाते हुए एक मीडियाकर्मी के साथ बदसलूकी की। घटना को लेकर रविवार शाम एसपी राजकुमार चौधरी ने महिला आरपीएस अधिकारी के गनमैन राजेश को निलम्बित कर दिया। चौधरी ने बताया कि गनमैन को मीडियाकर्मी का फोन छीनने आदि के मामले में निलम्बित किया है। दोनों पक्षों की ओर से मुकदमे दर्ज किए गए हैं।

आरोप-प्रत्यारोप

मीडियाकर्मी को होटल का स्टाफ समझकर उसे वीडियो बनाने से रोका था। बदसलूकी के आरोप गलत हैं। - डॉ. दीपक नागर, शिशु रोग चिकित्सक

होटल के स्टाफ ने उनसे अभद्रता की थी। इसके बाद हंगामा हो गया। - डॉ. नेहा बालासर, रेजीडेंट, स्त्रीरोग विभाग

रात को मैंने अपनी गाड़ी सरकारी काम से कोतवाली थाने पर भेजी थी। वहां एक व्यक्ति वीडियो बना रहा था तो स्टाफ ने उसे मना किया था। - पूजा नागर, पुलिस उपाधीक्षक, साइबर थाना प्रभारी बारां

Updated on:
2 Jul 2024, 9:15 AM IST
Published on: