कैंट थाना क्षेत्र के मिर्जापुर गांव में शनिवार रात कारोबारी रंजिश खूनी संघर्ष में बदल गई। गांव के एक युवक को कनपटी पर गोली मार दी गई और हमलावर उसे गंभीर हालत में छोड़कर फरार हो गए। देर रात युवक गांव के प्राथमिक विद्यालय में लहूलुहान हालत में पड़ा मिला।
बरेली।कैंट थाना क्षेत्र के मिर्जापुर गांव में शनिवार रात कारोबारी रंजिश खूनी संघर्ष में बदल गई। गांव के एक युवक को कनपटी पर गोली मार दी गई और हमलावर उसे गंभीर हालत में छोड़कर फरार हो गए। देर रात युवक गांव के प्राथमिक विद्यालय में लहूलुहान हालत में पड़ा मिला। सूचना मिलते ही परिवार और ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। घायल को कई अस्पतालों में ले जाया गया, लेकिन इलाज से मना किए जाने के बाद उसे निजी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
पुलिस के मुताबिक मिर्जापुर निवासी 25 वर्षीय जयवीर कश्यप शनिवार रात करीब साढ़े नौ बजे खाना खाने के बाद घर से टहलने निकला था। आरोप है कि गांव के प्राइमरी स्कूल के पीछे खेत की ओर पहुंचते ही पहले से घात लगाए बैठे छह लोगों ने उसे घेर लिया। इसी दौरान विवाद बढ़ा और आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया।
घायल की मां ओम कुमारी की तहरीर पर पुलिस ने सरवन, प्रेमपाल, सुनील उर्फ बब्लू, अंशु, दीपक और पंकज के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। आरोप है कि सरवन ने तमंचे से जयवीर की कनपटी पर गोली मार दी। गोली लगते ही जयवीर जमीन पर गिर पड़ा। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े, लेकिन आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। परिजनों का आरोप है कि गंभीर हालत में घायल जयवीर को लेकर परिवार कई अस्पतालों में पहुंचा, लेकिन वहां भर्ती नहीं किया गया। इसके बाद उसे एक निजी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर बताई है।
कैंट इंस्पेक्टर संजय धीर ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था। जयवीर और उसके चचेरे भाई राजकरण का आरोपियों के साथ क्रॉकरी और टेंट का साझा कारोबार था। साझेदारी टूटने के बाद ग्राहकों को लेकर लगातार तनातनी बढ़ रही थी। दोनों पक्षों के बीच पहले भी कई मुकदमे दर्ज हो चुके हैं। पुलिस कारोबारी रंजिश को घटना की मुख्य वजह मानकर जांच कर रही है। पुलिस ने घायल की मां की तहरीर पर छह नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक राकेश कुमार को सौंपी गई है। पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।