Bareilly News: देश सेवा का जज्बा रखने वाले युवाओं को भारतीय सेना में भर्ती होने का सही रास्ता दिखाने के लिए शुक्रवार को बरेली कॉलेज के एमएड सभागार में विशेष जागरूकता सत्र आयोजित किया गया।
बरेली।देश सेवा का जज्बा रखने वाले युवाओं को भारतीय सेना में भर्ती होने का सही रास्ता दिखाने के लिए शुक्रवार को बरेली कॉलेज के एमएड सभागार में विशेष जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। 21 यूपी बटालियन एनसीसी की ओर से सेना भर्ती कार्यालय (एआरओ) के सहयोग से हुए इस कार्यक्रम में एनसीसी कैडेट्स को सेना भर्ती की बारीकियों और अधिकारी बनने के जरूरी गुणों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में पहुंचे मेजर इशांत डागर ने आधुनिक प्रेजेंटेशन के जरिए कैडेट्स को भारतीय सेना में भर्ती से जुड़ी अहम जानकारियां दीं। उन्होंने सिपाही भर्ती से लेकर अधिकारी स्तर तक की चयन प्रक्रिया को विस्तार से समझाया। मेजर डागर ने अग्निवीर योजना, एनसीसी स्पेशल एंट्री, राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए) और संयुक्त रक्षा सेवा परीक्षा (सीडीएस) के माध्यम से सेना में प्रवेश के अवसरों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने युवाओं को बताया कि सही रणनीति, अनुशासन और आत्मविश्वास के जरिए सेना में करियर बनाया जा सकता है।
सत्र के दौरान सेवा चयन बोर्ड (एसएसबी) इंटरव्यू की प्रक्रिया पर भी विस्तार से चर्चा की गई। कैडेट्स को बताया गया कि इंटरव्यू के दौरान उम्मीदवार के नेतृत्व कौशल, निर्णय क्षमता, टीम भावना और मानसिक मजबूती को परखा जाता है। मेजर डागर ने समूह परीक्षण अधिकारी (जीटीओ) टास्क, मनोवैज्ञानिक परीक्षण और सेना के अधिकारी में जरूरी नेतृत्व क्षमता के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सेना सिर्फ नौकरी नहीं बल्कि अनुशासन, समर्पण और राष्ट्रसेवा का सबसे बड़ा माध्यम है।
कार्यक्रम के अंत में 21 यूपी बटालियन एनसीसी के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल होशियार सिंह ने कैडेट्स को संबोधित करते हुए कहा कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ संकल्प ही सफलता की असली कुंजी हैं। उन्होंने युवाओं को अपने लक्ष्य तय कर पूरी निष्ठा के साथ उन्हें हासिल करने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान सूबेदार मेजर अनिल कुमार, नायब सूबेदार भरत सिंह, हवलदार एसपी सिंह, हवलदार हर सिंह, हवलदार नरेश और लेफ्टिनेंट डॉ. रितेश कुमार चौरसिया समेत बड़ी संख्या में एनसीसी कैडेट्स मौजूद रहे।