बरेली कॉलेज में प्रॉक्टर की BJP नेता माधवी लता पर आपत्तिजनक सोशल मीडिया पोस्ट से छात्रों में गुस्सा भड़का।
BJP Leader Madhavi Latha News: उत्तर प्रदेश के बरेली कॉलेज में एक प्रोफेसर की सोशल मीडिया पोस्ट ने छात्रों में भारी गुस्सा पैदा कर दिया। चीफ प्रॉक्टर आलोक खरे ने भाजपा नेत्री की तस्वीर पोस्ट करके अभद्र टिप्पणी की, जिसके बाद अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। 19 मार्च को नवरात्रि के पहले दिन 62 साल के बॉटनी प्रोफेसर और चीफ प्रॉक्टर आलोक खरे ने फेसबुक पर एक तस्वीर शेयर की। इस तस्वीर में भाजपा नेत्री कोम्पेला माधवी लता भगवा वेश में थीं। कैप्शन में उसने लिखा कि केवल बाबा ही थोड़े सेक्सी होते हैं, बाबी (साध्वी) भी कम सेक्सी नहीं होती। पोस्ट जल्दी ही वायरल हो गई। छात्रों और छात्राओं को यह टिप्पणी बहुत आपत्तिजनक लगी।
पोस्ट वायरल होने के बाद छात्रों में आक्रोश फैल गया। बुधवार को ABVP के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में कॉलेज पहुंचे। उन्होंने प्रिंसिपल ऑफिस का घेराव कर दिया और नारेबाजी शुरू कर दी। वे चीफ प्रॉक्टर आलोक खरे को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे। जब प्रॉक्टर सामने आए तो गुस्साए छात्रों ने उनके साथ धक्का-मुक्की शुरू कर दी। हाथापाई होने लगी। छात्राएं प्रॉक्टर को मारने के लिए आगे बढ़ीं, तो वे स्टाफ के पीछे छिप गए। कॉलेज के स्टाफ ने किसी तरह उन्हें बचाकर वहां से निकाला। हालात बिगड़ते देख प्रिंसिपल ने तुरंत कदम उठाया। उन्होंने चीफ प्रॉक्टर आलोक खरे को उनके पद से हटा दिया। साथ ही पूरी प्रॉक्टोरियल टीम को भंग करने का आदेश दे दिया।
कोम्पेला माधवी लता भाजपा की नेत्री हैं। 2024 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने हैदराबाद सीट से AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के खिलाफ चुनाव लड़ा था। हालांकि वे चुनाव हार गई थीं। वे साध्वी जैसा भगवा वेश धारण करती हैं और हिंदू संस्कृति की बात करती हैं।
इस घटना से कॉलेज में तनाव का माहौल बन गया। ABVP कार्यकर्ताओं ने प्रॉक्टर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। प्रॉक्टर ने बाद में प्रदर्शनकारियों पर केस दर्ज करने की बात कही। समाजवादी छात्र सभा भी इस मामले में शामिल हो गई। छात्र संगठनों ने इसे महिला सम्मान का मुद्दा बनाया और तुरंत विरोध दर्ज किया। प्रिंसिपल के फैसले से कुछ हद तक स्थिति नियंत्रित हुई, लेकिन छात्र अभी भी पूरी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।