बरेली

लाठीचार्ज पर बरेली में भड़के वकील, काले कोट पहन सड़कों पर उतरे अधिवक्ता, पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी

लखनऊ के केसरबाग कोर्ट परिसर में अधिवक्ताओं पर हुए कथित लाठीचार्ज की गूंज सोमवार को बरेली तक सुनाई दी। बरेली बार एसोसिएशन के बैनर तले बड़ी संख्या में अधिवक्ता काले कोट पहनकर सड़कों पर उतर आए और जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।

2 min read
May 18, 2026
डीएम को ज्ञापन सौंपते वकील

बरेली। लखनऊ के केसरबाग कोर्ट परिसर में अधिवक्ताओं पर हुए कथित लाठीचार्ज की गूंज सोमवार को बरेली तक सुनाई दी। बरेली बार एसोसिएशन के बैनर तले बड़ी संख्या में अधिवक्ता काले कोट पहनकर सड़कों पर उतर आए और जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। अधिवक्ताओं ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए घटना को न्याय व्यवस्था और लोकतंत्र की गरिमा पर हमला बताया। प्रदर्शन के दौरान पूरे परिसर में आक्रोश का माहौल दिखाई दिया।

बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज कुमार हरित एडवोकेट और सचिव दीपक पाण्डेय एडवोकेट के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिला अधिकारी को सौंपा। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि 16 मई को लखनऊ के केसरबाग कोर्ट परिसर में उत्तर प्रदेश पुलिस ने निहत्थे अधिवक्ताओं पर कथित रूप से लाठीचार्ज किया और उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। अधिवक्ताओं ने कहा कि इस घटना ने पूरे प्रदेश के वकीलों को आहत किया है।

ये भी पढ़ें

लाठीचार्ज पर बरेली में भड़के वकील, काले कोट पहन सड़कों पर उतरे अधिवक्ता, पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी

अधिवक्ता संविधान का प्रहरी

बार एसोसिएशन अध्यक्ष मनोज कुमार हरित ने कहा कि अधिवक्ता केवल मुकदमे लड़ने वाला व्यक्ति नहीं होता, बल्कि संविधान और नागरिक अधिकारों की रक्षा करने वाला प्रहरी भी होता है। उन्होंने कहा कि यदि अदालत परिसर के भीतर ही अधिवक्ताओं की गरिमा सुरक्षित नहीं रहेगी तो आम आदमी का न्याय व्यवस्था पर भरोसा कमजोर होगा। उन्होंने इसे न्यायिक माहौल को भयभीत करने वाला संकेत बताया। ज्ञापन में घटना में शामिल पुलिस अधिकारियों और कर्मियों को तत्काल निलंबित करने तथा उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की गई। अधिवक्ताओं ने पूरे मामले की एसआईटी जांच कराए जाने की भी मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को प्रदेशव्यापी रूप दिया जाएगा।

घायल वकीलों के लिए 50-50 लाख मुआवजे की मांग

बार एसोसिएशन ने लाठीचार्ज में घायल अधिवक्ताओं को 50-50 लाख रुपये मुआवजा दिए जाने की मांग की। अधिवक्ताओं का कहना था कि यह मामला सिर्फ चोट का नहीं बल्कि सम्मान और सुरक्षा से जुड़ा हुआ है। प्रदर्शन के दौरान लंबे समय से लंबित एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट को तत्काल लागू करने की मांग भी जोर-शोर से उठाई गई। विरोध प्रदर्शन में एडवोकेट जयपाल सिंह, हुलसी राम गंगवार, रजत मोहन, रोहित यादव, शांतनु मिश्रा, सौरभ अग्निहोत्री, धर्मवीर, गायत्री, अजय कुमार मौर्य, असलम समेत बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें

Lawyers Strike: सिविल कोर्ट लाठीचार्ज पर भड़के वकील, लखनऊ में तीन दिन की हड़ताल शुरू हुई
Also Read
View All