बरेली

तौकीर का एक और गुर्गा गिरफ्तार, दंगे से पहले फरीदापुर में हुई थी मौलाना की बैठक, पूछताछ में खोले कई बड़े राज

Bareilly News: 26 सितंबर 2025 को हुए बवाल के मामले में पुलिस ने मौलाना तौकीर रजा के एक और कथित सहयोगी को गिरफ्तार किया है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बवाल से पहले हुई बैठक और उसकी तैयारियों को लेकर कई बड़े खुलासे किए हैं।
3 min read
• •
Oct 15, 2026
bareilly
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी।

Bareilly News: 26 सितंबर 2025 को हुए बवाल के मामले में पुलिस ने मौलाना तौकीर रजा के एक और कथित सहयोगी को गिरफ्तार किया है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बवाल से पहले हुई बैठक और उसकी तैयारियों को लेकर कई बड़े खुलासे किए हैं। आरोपी ने बताया कि बवाल से सात दिन पहले एक बैठक हुई थी, जिसमें भीड़ जुटाने से लेकर पुलिस के रोकने पर भी पीछे नहीं हटने की बात कही गई थी। यहां तक कि हथियारों के इंतजाम का भी जिक्र हुआ था। गिरफ्तार आरोपी की पहचान इज्जतनगर थाना क्षेत्र के फरीदापुर चौधरी निवासी 58 वर्षीय मोबीन बेग उर्फ मोमीन बेग पुत्र अमीन बेग के रूप में हुई है।

दंगे से सात दिन पहले हुई थी बैठक, जुटे थे 100 से 125 लोग

पुलिस पूछताछ में मोबीन बेग ने बताया कि 19 सितंबर 2025 को मौलाना तौकीर रजा फरीदापुर चौधरी गांव पहुंचे थे। यहां सभासद नासिर खान पुत्र नत्थू खान के घर बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में अधिक लोग पहुंचने के कारण बेग मैरिज हॉल की चाबी मंगाई गई और वहां बैठक की व्यवस्था की गई। आरोपी के मुताबिक, बैठक में करीब 100 से 125 लोग मौजूद थे। बैठक का प्रबंध सभासद नासिर खान और उसके बेटे मैसर खान ने किया था। आरोपी ने बताया कि वह बैठक में शामिल कुछ लोगों को पहचानता है। पुलिस के अनुसार, बैठक में मौलाना तौकीर रजा ने 26 सितंबर को जुमे की नमाज के बाद ज्यादा से ज्यादा लोगों को इस्लामिया मैदान में इकट्ठा होने के लिए कहा था। साथ ही यह भी कहा गया था कि पुलिस रोके तो रुकना नहीं है, चाहे अंजाम कुछ भी हो।

पुलिस पर गोली चलाने तक की बात, हथियारों के इंतजाम का भी दावा

पुलिस के मुताबिक, मोबीन बेग ने पूछताछ में बताया कि बैठक में हर हाल में आंदोलन करने की बात कही गई थी। इसके लिए पुलिस-प्रशासन के लोगों पर गोली चलाने की नौबत आने पर भी पीछे नहीं हटने और जान देने तक की बात हुई थी। आरोपी ने बताया मौलाना तौकीर रजा ने हथियारों का प्रबंध करने की बात भी कही थी। मोबीन बेग ने पुलिस को बताया कि 26 सितंबर को जुमे की नमाज खत्म होने के बाद भीड़ इस्लामिया इंटर कॉलेज के मैदान में इकट्ठा होने लगी थी। वह अपना मोबाइल फोन घर पर छोड़कर अन्य लोगों के साथ भीड़ लेकर इस्लामिया मैदान की तरफ गया था। वहां बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात थे। आरोपी के मुताबिक, जब घटना होने लगी तो वह कचहरी की तरफ भाग गया था।

एक साल बाद घर से दबोचा गया आरोपी, पुलिस लगातार दे रही थी दबिश

बरेली बवाल में वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसएसपी अनुराग आर्य के निर्देश पर अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कैंट थाना पुलिस लगातार आरोपियों के घरों पर दबिश दे रही थी। गुरुवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मोबीन बेग उर्फ मोमीन बेग को फरीदापुर चौधरी स्थित उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। 26 सितंबर 2025 को हुए बवाल के संबंध में बारादरी थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। इसमें मौलाना तौकीर रजा समेत 29 लोगों को आरोपी बनाया गया था। मामले की विवेचना कैंट थाना प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार धीर कर रहे हैं।

पहले से दर्ज है एक और मुकदमा, न्यायालय में पेश करेगी पुलिस

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार मोबीन बेग के खिलाफ कोतवाली थाने में भी मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा। गिरफ्तारी करने वाली टीम में कैंट थाना प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार धीर, वरिष्ठ उपनिरीक्षक श्रीनिवास, कांस्टेबल प्रिंस कुमार, अभिषेक, हर्ष सैनी, विकास कुमार, गौरव कुमार और महिला कांस्टेबल शीबा शामिल रहीं।