जिलाधिकारी अविनाश सिंह की सख्त मॉनिटरिंग और लगातार समीक्षा बैठकों का असर अब साफ दिखाई देने लगा है। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी सीएम डैशबोर्ड की फरवरी 2026 रैंकिंग में बरेली ने प्रदेश भर में पहला स्थान हासिल कर बड़ा मुकाम बनाया है।
बरेली। जिलाधिकारी अविनाश सिंह की सख्त मॉनिटरिंग और लगातार समीक्षा बैठकों का असर अब साफ दिखाई देने लगा है। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी सीएम डैशबोर्ड की फरवरी 2026 रैंकिंग में बरेली ने प्रदेश भर में पहला स्थान हासिल कर बड़ा मुकाम बनाया है। विकास कार्यक्रमों और राजस्व कार्यों की संयुक्त रैंकिंग में भी बरेली ने पूरे प्रदेश में ओवरऑल प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
दरअसल, प्रदेश सरकार द्वारा विकास और राजस्व से जुड़े कार्यों की निगरानी के लिए सीएम डैशबोर्ड पोर्टल पर हर महीने जिलों के प्रदर्शन का मूल्यांकन किया जाता है। इसी मूल्यांकन के आधार पर फरवरी माह की जारी रैंकिंग में बरेली ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश में पहला स्थान हासिल कर लिया।
फरवरी 2026 की रैंकिंग के अनुसार विकास कार्यक्रमों में बरेली ने प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया है। वहीं राजस्व कार्यक्रमों में जिले ने तीसरा स्थान हासिल किया। विकास और राजस्व दोनों कार्यों की संयुक्त रैंकिंग में भी बरेली प्रदेश में नंबर-1 पर पहुंच गया। यह उपलब्धि इसलिए भी खास मानी जा रही है क्योंकि पिछले महीने यानी जनवरी 2026 की रैंकिंग में बरेली चौथे स्थान पर था। लगातार सुधार और सख्त मॉनिटरिंग के चलते जिले ने तीन पायदान की छलांग लगाते हुए शीर्ष स्थान हासिल कर लिया।
जनवरी 2026 में जहां बरेली को राजस्व कार्यक्रमों में नौवां स्थान मिला था, वहीं फरवरी में जिले ने शानदार सुधार करते हुए छह पायदान की छलांग लगाई और सीधे तीसरे स्थान पर पहुंच गया। प्रशासनिक अधिकारियों के मुताबिक यह सुधार जिलाधिकारी की नियमित समीक्षा बैठकों, विभागीय समन्वय और कार्यों की लगातार मॉनिटरिंग का परिणाम है।
जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने विकास योजनाओं और राजस्व से जुड़े मामलों की नियमित समीक्षा की। अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने और योजनाओं की प्रगति को लगातार अपडेट करने के निर्देश दिए गए। डीएम के नेतृत्व में विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी मेहनत की, जिसके परिणामस्वरूप जिले के प्रदर्शन में लगातार सुधार दर्ज हुआ और बरेली प्रदेश में शीर्ष स्थान पर पहुंच गया।
इस उपलब्धि पर जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने सभी विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि विकास और राजस्व कार्यक्रमों की प्रगति को इसी तरह बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने निर्देश दिए कि योजनाओं के क्रियान्वयन में गति और पारदर्शिता दोनों सुनिश्चित की जाएं, ताकि जिले की रैंकिंग आगे भी शीर्ष पर बनी रहे।