
बरेली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार शाम वीडियो कांफ्रेंसिग के जरिए अफसरों से रूबरू हुए और रमजान में सतर्कता बरतने के निर्देश दिए इसके साथ ही रमजान माह में कोई नई परम्परा ना पड़ने पाए इसके भी सख्त निर्देश अफसरों को दिए गए हैं। इसके साथ ही अफसरों से कहा गया है कि आयोजकों से संवाद बना कर रखें और पूर्व से ही सावधानियां बना कर रखें जिससे कोई घटना न हो।
कैमरों से होगी निगरानी
मुख्यमंत्री की वीडियो कांफ्रेंसिंग में अफसरों को बताया गया कि पिछले पांच साल में रमजान के दौरान हुई गतविधियों का परीक्षण किया जाए और खुराफात संभावित इलाकों में सीसीटीवी, ड्रोन कैमरों से नजर रखी जाए और इन स्थानों की वीडियोग्राफी भी कराई जाए। नागरिक सुविधाओं का ख्याल रखा जाए और पानी , साफ़ सफाई और प्रकाश की व्यवस्था दुरुस्त की जाए। जिलाधिकारी और एसएसपी साथ में संवेदनशील इलाकों का भ्रमण करें। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के विभिन्न जिलों के जिलाधिकारियों से की गई कार्रवाई के बारे में पूछताछ की। बरेली के जिलाधिकारी वीरेंद्र कुमार सिंह ने जिले में रमजान के लिए की गई व्यवथाओं की जानकारी मुख्यमंत्री को दी।
अवैध खनन पर कठोर कार्रवाई
वीडियो कांफ्रेंसिग के माध्यम से ही मुख्यमंत्री ने खनन , गेंहू खरीद और पीडीएस सिस्टम की कार्रवाई के बारे में पूछताछ की और पारदर्शी ढंग से भ्रष्टाचार विहीन व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश अफसरों को दिए। मुख्यमंत्री ने अवैध खनन पर कठोर कार्रवाई करने के निर्देश अफसरों को दिए। खनन के पट्टे हों जिससे आम आदमी को सहूलियत मिले मुख्यमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि खनन के नाम कालाबाजारी नहीं होनी चाहिए।
गेंहू खरीद पारदर्शी हो
मुख्यमंत्री ने अफसरों को निर्देश दिए कि गेंहू खरीद पारदर्शी हो किसानों को पूरा समर्थन मूल्य मिले। बिचौलिये और आढ़ती बीच में न घुसे। वीडियो कांफ्रेसिंग में जानकारी दी गई कि 30 जून तक गेंहू की खरीद होगी इसके साथ ही बताया गया कि दलहन व् तिलहन की खरीद के लिए भी केंद्र खोले जाएंगे। सार्वजनिक वितरण प्रणाली का राशन पूरा पात्र गरीबों को ही मिले और इसमें कालाबाजारी किसी भी हाल में बर्दास्त नहीं की जाएगी।
ये रहे मौजूद
मुख्यमंत्री की वीडियो कांफ्रेंसिंग में एडीजी बरेली जोन प्रेमप्रकाश, बरेली मंडल के कमिश्नर डॉक्टर पीवी जगनमोहन , आईजी बरेली रेंज डीके ठाकुर , जिलाधिकारी वीरेंद्र कुमार सिंह , एसएसपी कलानिधि नैथानी उपस्थित रहे।