
बरेली। तलाक पीड़ित महिलाएं अब गुजर बसर के लिए ई रिक्शा चलाती नजर आएंगी। मेरा हक संस्था की अध्यक्ष फरहत नकवी के साथ तलाक पीड़ित महिलाएं सीडीओ से मिलीं और उन्हें जीवन यापन के लिए ई रिक्शा देने की मांग की। सीडीओ ने महिलाओं को मई तक रिक्शा मिल जाने का भरोसा दिलाया है। वहीं तलाक पीड़ित महिलाओं ने अपने पतियों को चूड़ी भेजी है और कहा कि तुम चूड़ी पहन कर बैठो हम अब खुद ही अपना भरण पोषण कर लेंगे।
मई में मिलेगा ई रिक्शा
तलाक पीड़ित महिलाओं के लिए मेरा हक संस्था चलाने वाली फरहत नकवी ने बताया कि इन महिलाओं को उनके पतियों ने तलाक देकर घर से निकाल दिया है और ये महिलाएं अब अपने बच्चों के साथ किसी तरह से अपना गुजर बसर कर रही हैं। अब इन महिलाओं को स्वाबलंबी बनाने के लिए इन्हें ई रिक्शा दिलाया जाएगा जिससे ये महिलाएं ई रिक्शा चलाकर अपना गुजरा कर सकेंगी। फरहत नकवी ने बताया कि उन्होंने तलाक पीड़ित महिलाओं के साथ सीडीओ से मुलाकात की थी वहां से भरोसा दिलाया गया है कि मई में इन महिलाओं को ई रिक्शा मिल जाएगा।
दी जाएगी ट्रेनिंग
फरहत ने बताया कि उनके सम्पर्क में करीब 22 महिलाएं हैं जिन्हे ई रिक्शा मिलेगा जिनमें से नौ महिलाएं तलाक पीड़ित हैं। इन महिलाओं को रिक्शा मिलने के बाद इन्हें ई रिक्शा चलाने की ट्रेनिंग दी जाएगी साथ ही महिलाओं का ड्राइविंग लाइसेंस भी बनवाया जाएगा।
चूड़ी भेज जताया विरोध
वहीं तमाम तलाक पीड़ित महिलाएं फरहत नकवी के घर पर एकत्र हुईं और उन्होंने अपने अपने पतियों को चूड़ियां भेज कर अपना विरोध जताया है। महिलाओं ने कहा कि वो अपने पतियों को चूड़ी इस लिए भेज रही हैं कि वो चूड़ी पहन कर घर में बैठे और हम खुद ही रिक्शा चलाकर अपना और बच्चों का गुजर बसर कर लेंगे।