सोमवार को नये कानून लागू हुए हैं। इस पर शहर में अलग-अलग स्थानों पर जाकर अफसरों ने लोगों को उसके बारे में जानकारी देते हुए जागरुक किया। इसी क्रम में डीएम रविंद्र कुमार संयुक्त निदेशक अभियोजन बरेली कार्यालय में पहुंचे। कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर सकारात्मक परिचर्चा की।
बरेली। सोमवार को नये कानून लागू हुए हैं। इस पर शहर में अलग-अलग स्थानों पर जाकर अफसरों ने लोगों को उसके बारे में जानकारी देते हुए जागरुक किया। इसी क्रम में डीएम रविंद्र कुमार संयुक्त निदेशक अभियोजन बरेली कार्यालय में पहुंचे। कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर सकारात्मक परिचर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को महत्वपूर्ण निर्देश दिए।
नये कानूनों पर ट्रेनिंग देने के विषय पर भी की बात
डीएम ने अभियोजन को सुदृढ़ और नये कानूनों को प्रभावी ढंग से लागू करवाने व महिला अपराधों, गैंगेस्टर और गुंडा एक्ट में प्रभावी पैरवी करने हेतु सार्थक बातचीत की। इसी के साथ ही नये कानूनों के अंतर्गत उच्चकोटि की विवेचना व साक्ष्य संकलन में क्या-क्या मानक हों इस पर सभी अभियोजन अधिकारियों के साथ चर्चा की। उन्होंने अभियोजन अधिकारियों को नये कानून से संबंधित महत्वपूर्ण निर्देश दिए। साथ ही समय-समय पर संबंधित पुलिस अधिकारी व कर्मचारियों व प्रशासनिक अधिकारियों को नये कानूनों पर ट्रेनिंग देने के विषय पर भी बात की।
यह लोग रहे मौजूद
संयुक्त निदेशक अभियोजन अवधेश पांडेय तथा अन्य सभी अभियोजन अधिकारियों द्वारा स्मृति चिन्ह तथा पुष्प देकर डीएम रविन्द्र कुमार का स्वागत किया। परिचर्चा में संयुक्त निदेशक अभियोजन अवधेश पाण्डेय के साथ वरिष्ठ अभियोजन अधिकारी रूद्रेंद्र श्रीवास्तव, सहायक अभियोजन अधिकारी विपर्णा गौड़, पूनम उपाध्याय, नुसरत, नीलेश सिंह, शशि भूषण, पियुष पाण्डेय, रवि मिश्रा, अमित कुमार व अभियोजन अधिकारी सत्येंद्र मौर्य व राम प्रकाश यादव उपस्थित रहे।