बरेली

अयोध्या मसले के हल के लिए श्री श्री से मिले बरेली के शारिक

शारिक का कहना है कि इस मामले में सर्वे भी करा रहे हैं और उनकी संस्था की 20 से 25 टीम लोगों के बीच जाकर उनकी राय जानने की कोशिश में लगी हुई है।
2 min read
May 05, 2018
Sri Sri Ravi Shankar

बरेली। अयोध्या मामले में बीच का रास्ता निकालने के लिए आम आवाज ऑर्गनाइजेशन के शारिक अली ने दिल्ली में आर्ट ऑफ लिविंग के श्री श्री रविशंकर से मुलाकात की। शारिक अली ने बताया कि उनकी रविशंकर से दिल्ली में मुलाकात हुई और अयोध्या मसले को आपसी बातचीत से सुलझाने पर चर्चा हुई। उनका कहना है कि वो इस मामले में सर्वे भी करा रहे हैं और उनकी संस्था की 20 से 25 टीम लोगों के बीच जाकर उनकी राय जानने की कोशिश में लगी हुई है।


नेता खराब कर रहे हैं माहौल

शारिक अली ने बताया कि लोगों के बीच नफरत पैदा की जा रही है जिससे लोगों के बीच खाई बढ़ रही है और नेता अपने फायदे के लिए ऐसा कर रहे हैं ऐसे में आपस मेंं बैठ कर इस मुद्दे को सुलझा लिया जाए तो बेहतर है। इसी के चलते उन्होंने श्री श्री रविशंकर से मुलाकात की है और वो अब ओवैसी से भी मिलने जाएंगे और कोशिश करेंगे कि सभी लोग बातचीत को राजी हों।

बरेली में नहीं हो पाई मुलाकात

अयोध्या मसले का हल ढूंढ़ने के लिए पिछले दिनों श्री श्री रविशंकर बरेली आए थे जहां पर उन्होंने आला हजरत खानदान के और आईएमसी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना तौकीर रजा खां के निवास पर जाकर उनसे मुलाकात की थी इसके साथ ही वो अन्य धर्मगुरुओं से भी मिले थे। श्री श्री रविशंकर ने अपने बरेली दौरे में दरगाह आला हजरत पर हजीरी भी लगाई थी। इस दौरे में आम आवाज ऑर्गनाइजेशन के शाकिर अली से श्री श्री से किसी कारणवश मुलाकात नहीं हो पाई थी जिसके बाद उन्होंने दिल्ली में श्री श्री से मुलाकात कर अयोध्या मसले पर बात की। उनका कहना है कि उनकी अयोध्या मसले पर श्री श्री रविशंकर से आगे भी बात होगी।

Published on:
05 May 2018 09:00 pm