
आगरा। बुधवार की रात आया आंधी तूफान तबाही के जख्म देकर भले ही फिलहाल थम गया हो लेकिन इस त्रासदी पर सियासी तूफान मच गया है। एक तरफ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हैं तो दूसरी तरफ सूबे ते पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव हैं। सियासी हमले की शुरुआत की अखिलेश यादव ने तो आगरा में त्रासदी के बाद मिले जख्मों पर मरहम लगाने पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यानाथ ने भी अखिलेश को आइना दिखाने की कोशिश की। अखिलेश कौन से कम पड़ने वाले थे, उन्होंने दोबारा सीएम योगी को कटघरे में खड़ा करने की कोशिश की है।
अखिलेश के ट्वीट के बाद आगरा पहुंचे सीएम
दरअसल बुधवार की रात आए आंधी तूफान के बाद सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ट्वीट कर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधा था, उन्होंने ट्विटर पर लिखा था ' CM को कर्नाटक का चुनाव प्रचार छोड़कर तुरंत यूपी वापस आना चाहिए था. जनता ने उन्हें अपने प्रदेश की समस्याओं के समाधान के लिए चुना है, नाकि कर्नाटक की राजनीति के लिए. इन हालातों में भी अगर वो वापस नहीं आते हैं, तो फिर वो हमेशा के लिए अपना मठ वहीं बना लें'। अखिलेश के इस ट्वीट के बाद शुक्रवार देर रात मुख्यमंत्री योगी आगरा पहुंचे। सियासी गलियारों में चर्चा हुई कि अखिलेश के ट्वीट का असर है।
यह भी पढ़ें- योगी आदित्यनाथ का अखिलेश यादव पर पलटवार
योगी ने दिया जवाब
आगरा आने के बाद मुख्यमंत्री ने आपदाग्रस्त इलाके का हवाई जायजा लिया और हॉस्पीटल में जा कर घायलों का हाल जाना। सीएम योगी एक मृतक के परिजनों को ढांढस बंधाने भी पहुंचे। इसके बाद सीएम योगी मीडिया से मुखातिब हुए। योगी ने इसी दौरान अखिलेश के ट्वीट का बेहद तल्ख अंदाज में जवाब दिया। उन्होंने कहा कि ' वे संवेदनहीन लोग हैं। इनकी संवेदना मर चुकी है और दुख की इस घड़ी में इन्हें ट्विटर के माध्यम से राजनीति न करके पीड़ितों के साथ खड़ा होना चाहिए।' फिर क्या था अखिलेश ने एक बार फिर सीएम योगी पर जवाबी हमला बोल दिया है।
यह भी पढ़ें- सावधान! नहीं टला तूफान का खतरा, अलर्ट जारी
अखिलेश का पलटवार
अखिलेश को योगी की नसीहत नागवार गुजरी और उन्होंने एक बार ट्विटर बम फोड़ा है। उन्होंने लिखा है कि 'जिनके लिए चुनाव प्रचार लोगों की ज़िदंगी से ज़्यादा ज़रूरी है और जो जनता के भारी आक्रोश और दबाव के बाद ही दूसरे राज्य से वापस आने के लिए बेमन से मजबूर हुए, वो औरों को संवेदनहीन कह रहे हैं. ये विडम्बनाकारी विरोधाभास है क्योंकि हमने ही सबसे पहले पीड़ितों की मदद की अपील व पहल की थी'
Published on:
05 May 2018 07:37 pm
बड़ी खबरें
View Allआगरा
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
