बरेली

एडवोकेट पर हमला करने वाले गैंगस्टर का हाफ एनकाउंटर: पुलिस की गोली लगते ही लंगड़ाते हुए आया, बोला- सर गलती हो गई, माफ कर दो

Bareilly News: बरेली में वकील पर जानलेवा हमला करने वाले गैंगस्टर बिलाल घोसी की पुलिस ने कुंडली खंगालना शुरू कर दिया है। इसके साथ ही पुलिस ने गैंगस्टर का हाफ एनकाउंटर कर दिया है, पूरी खबर पढ़ें...

2 min read
Jun 01, 2026
पुलिस एनकाउंटर में गैंगस्टर बिलाल घोसी गिरफ्तार (फोटो- पत्रिका)

बरेली में वकील पर जानलेवा हमला करने वाले गैंगस्टर बिलाल घोसी की पुलिस ने कुंडली खंगालनी शुरू कर दी है। एसएसपी अनुराग आर्य के निर्देश पर उसके पूरे आपराधिक इतिहास की समीक्षा की जा रही है। पुलिस जल्द ही उसकी हिस्ट्रीशीट खोलने की तैयारी में है। अधिवक्ता पर चाकू से हमला करने के बाद पुलिस टीम पर फायरिंग करने वाले बिलाल को मुठभेड़ में दोनों पैरों में गोली लगी थी। घायल होने के बाद वह पुलिसकर्मियों के सामने हाथ जोड़कर माफी मांगता और रहम की गुहार लगाता नजर आया।

दरअसल, प्रेमनगर थाना क्षेत्र में शनिवार रात जिला बदर अपराधी बिलाल घोसी ने अधिवक्ता बृजेश मिश्रा पर जानलेवा हमला कर दिया। पीड़ित के अनुसार वह गुलाबनगर स्थित अपने मामा के घर से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए बिलाल ने उन्हें पकड़ लिया और चाकू से कई वार कर दिए। शोर सुनकर बचाने पहुंचे मामा सर्वेश मिश्रा और मामी पर भी आरोपी ने हमला कर दिया। आसपास भीड़ जुटने लगी तो वह जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया।

ये भी पढ़ें

रंग बिरंगी बच्चों की आइसक्रीम में मिल रहे यूरिया-डिटर्जेंट, जांच में खुली मिलावट की बड़ी पोल

घटना के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश में दबिश शुरू कर दी। रविवार देर रात प्रेमनगर पुलिस ने जनकपुरी स्थित पुरानी रेलवे क्रॉसिंग के पास उसे घेर लिया। पुलिस के मुताबिक खुद को घिरता देख बिलाल ने तमंचे से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके दोनों पैरों में लगी और वह घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। मौके से तमंचा, कारतूस और हमले में प्रयुक्त चाकू बरामद किया गया।

गोली लगते ही बदले तेवर, हाथ जोड़कर मांगी माफी

मुठभेड़ के बाद घायल बिलाल घोसी का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह दर्द से कराहते हुए पुलिसकर्मियों के सामने हाथ जोड़कर माफी मांगता दिखाई दे रहा है। वीडियो में वह कहता सुनाई दे रहा है कि "गलती हो गई सर, अब बरेली में नहीं दिखूंगा। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि बिलाल घोसी के खिलाफ पहले से कई गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। अधिवक्ता पर हमला और पुलिस पर फायरिंग जैसी घटनाएं बेहद गंभीर हैं। उसके पूरे आपराधिक इतिहास का परीक्षण कराया जा रहा है। जल्द ही उसकी हिस्ट्रीशीट खोली जाएगी ताकि उसके खिलाफ प्रभावी निगरानी और सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

पहले भी विवादों में रह चुका है बिलाल

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार बिलाल घोसी पर गैंगस्टर समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। वह जिला बदर भी रह चुका है। करीब छह वर्ष पहले दूसरे समुदाय की युवती को बहला-फुसलाकर ले जाने और फर्जी दस्तावेजों के आधार पर शादी का दावा करने के मामले में भी वह सुर्खियों में आया था।

उस मामले को लेकर किला थाने में भारी हंगामा और तोड़फोड़ हुई थी। इसके बाद भी उसके खिलाफ कई मुकदमे दर्ज हुए, लेकिन वह लगातार आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय रहा। पुलिस ने अधिवक्ता बृजेश मिश्रा की तहरीर पर जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज किया है। वहीं सर्वेश मिश्रा की ओर से दर्ज कराई गई दूसरी रिपोर्ट में तमंचा दिखाकर धमकाने और हत्या की धमकी देने के आरोप लगाए गए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हमले और मुठभेड़ दोनों मामलों में तेजी से विधिक कार्रवाई आगे बढ़ाई जा रही है। अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कठोर कदम उठाए जाएंगे।

Also Read
View All