बरेली

त्रिशूल एयरबेस पर उत्साह के साथ मनाई गई भारतीय वायुसेना की वर्षगांठ

भारतीय वायुसेना के सम्मान में वायुसेना स्टेशन बरेली द्वारा विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए।

2 min read
Oct 08, 2017
सराहनीय कार्य करने वाले सम्मानित
indian air force celebrates 85th anniversary

बरेली।भारतीय वायु सेना ने रविवार को अपनी 85वीं वर्षगांठ धूमधाम से मनायी। इस मौक पर वायु सेना स्टेशनों पर विभिन्न तरह के कार्यक्रम आयोजित किए गये। इसी क्रम में बरेली के त्रिशूल एयरफोर्स स्टेशन पर भी वायुसेना की वर्षगांठ बड़े ही उत्साह, जोश व हर्षोल्लास के साथ मनाई गई।

एक हफ्ते हुए कार्यक्रम
वायु सेना दिवस के अवसर पर भारतीय वायुसेना के सम्मान में वायुसेना स्टेशन बरेली द्वारा विविध कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। 4 अक्टूबर से शुरू हुआ जज्बे का ये जश्न 11 अक्टूबर को समाप्त होगा।

दिलाई गई शपथ
त्रिशूल एयरबेस में आयोजित एक समारोह में स्टेशन के सभी रैंकों के सैन्यकर्मियों ने राष्ट्र की सेवा में पुनः समर्पित होने के लिए निष्ठा की शपथ ली। वायु सेना दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, रक्षामंत्री, रक्षा राज्यमंत्री, वायु सेनाध्यक्ष एवं वायु अफसर कमांडिग-इन-चीफ के संदेशों को पढ़ा गया।

सराहनीय कार्य करने वाले सम्मानित
भारतीय वायुसेना की वर्षगांठ के अवसर पर भारतीय वायु सेना में सराहनीय कार्यो के लिए वायु सैनिकों एवं असैन्य कर्मियों को वायु सेनाध्यक्ष एवं एयर ऑफीसर कमांडिंग-इन-चीफ के प्रशंसा पत्र से सम्मानित किया गया।

1963 में हुई त्रिशूल की स्थापना
वर्ष 1962 में चीन के साथ हुए युद्ध के बाद मध्य क्षेत्र में वायुसेना बेस स्थापित करने की जरूरत महसूस की गई। जिससे पश्चिमी उत्तर प्रदेश को वायु रक्षा उपलब्ध कराने के साथ-साथ उत्तरी उत्तर प्रदेश के पहाड़ी क्षेत्रों में थल सेना के यूनिटों को भी वायु सहायता उपलब्ध कराई जा सके। इसी उद्देश्य से 14 अगस्त 1963 को वायु सेना स्टेशन बरेली की स्थापना की गई। इस वायु सेना बेस का मुख्य लक्ष्य सर्विलांस, दुर्घटना के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों के साथ-साथ सैन्य यूनिटों को लॉजिस्टिक सपोर्ट भी देना है। वायु सेना स्टेशन बरेली, भारतीय वायु सेना की एक महत्वपूर्ण वायु सेना बेस है जो देश के सभी प्रकार की वायु सैन्य चुनौतियों से निपटने में तत्पर है।

Published on:
08 Oct 2017 07:35 pm