बरेली

बदायूं लोकसभा- मोदी लहर का भी नहीं पड़ा था प्रभाव

रुहेलखंड क्षेत्र की इस लोकसभा सीट पर मोदी लहर का कोई प्रभाव नहीं पड़ा था
2 min read
• •
Updated: 8 Oct 2018, 11:58 AM IST
loksabha election 2019
बदायूं लोकसभा- मोदी लहर का भी नहीं पड़ा था प्रभाव

बरेली। मध्यप्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव की घोषणा हो चुकी है। लोकसभा चुनाव के पहले होने वाले इन विधानसभा चुनाव को लोकसभा चुनाव का सेमीफाइनल माना जा रहा है। विधानसभा चुनाव के नतीजे 2019 में होने वाले लोकसभा चुनाव पर भी प्रभाव डालेंगे। 2014 में मोदी लहर के चलते भाजपा ने उत्तर प्रदेश में बड़ी जीत दर्ज की थी प्रदेश की महज सात सीट विपक्षी दलों के खाते में आई थी उनमे से एक सीट है बदायूं लोकसभा सीट। रुहेलखंड क्षेत्र की इस लोकसभा सीट पर मोदी लहर का कोई प्रभाव नहीं पड़ा था और यादव खानदान के धर्मेंद्र यादव ने यहाँ जीत दर्ज कर इस सीट को समाजवादी पार्टी के खाते में डाला था। इन विधानसभा चुनाव में भी समाजवादी पार्टी अपनी इस जीत का बखान करेगी।

लगातार दूसरी बार जीते धर्मेंद्र यादव

बदायूं लोकसभा सीट पर धर्मेंद्र यादव ने पहली बार 2009 में जीत दर्ज की थी। सलीम इकबाल शेरवानी का टिकट काट कर मुलायम सिंह यादव ने यहाँ से यादव खानदान के धर्मेंद्र यादव को चुनाव मैदान में उतारा था। धर्मेंद्र यादव ने बसपा के डीपी यादव को 32542 वोटों से हराकर बदायूं सीट पर पहली बार जीत दर्ज की थी। जिसके बाद एक बार फिर 2014 में सपा ने धर्मेंद्र यादव को बदायूं से चुनाव मैदान में उतारा था। मोदी लहर के बाद भी बदायूं की जनता ने धर्मेंद्र यादव को सर आँखों पर बैठाया और धर्मेंद्र यादव ने एक बड़ी जीत हासिल की थी। 2014 के चुनाव में धर्मेंद्र यादव को 498378 वोट मिले और उन्होंने भाजपा के वागीश पाठक को 166347 वोटों से हराकर जीत दर्ज की थी।

सपा का मजबूत किला है बदायूं

बदायूं लोकसभा सीट समाजवादी पार्टी का मजबूत गढ़ है। समाजवादी पार्टी ने 1996 से लगातार छह बार इस सीट पर जीत हासिल की है। बदायूं सीट पर सपा ने पहली बार 1996 में जीत दर्ज की थी। सलीम इकबाल शेरवानी कांग्रेस छोड़ सपा में शामिल हुए थे और उन्होंने इस सीट को सपा की झोली में डालने का काम किया था। इसके बाद 1998,1999 और 2004 में सलीम शेरवानी ने जीत हासिल की लेकिन 2009 में सपा ने उनका टिकट काट धर्मेंद्र यादव को टिकट दे दिया और धर्मेंद्र यादव ने इस सीट पर जीत हासिल की।

भाजपा ने लगाई सेंध

बदायूं लोकसभा सपा का मजबूत गढ़ है लेकिन प्रदेश में 2017 में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा ने सपा के इस मजबूत गढ़ में सेंध लगा दी थी और बदायूं लोकसभा क्षेत्र की पांच विधानसभा सीट में से चार पर जीत दर्ज की थी। भाजपा ने गुन्नौर, बदायूं, बिल्सी और बिसौली सीट पर जीत हासिल की जबकि सपा ने एक मात्र सहसवान सीट पर कब्जा जमाया है।

Updated on:
8 Oct 2018, 11:58 AM IST
Published on: