
बरेली। जिले में महिला के साथ चलती कार में गैंगरेप का मामला सामने आया है। दरिंदों ने पहले महिला के साथ गैंगरेप किया और उसकी वीडियो भी बना ली। इतना ही नहीं महिला से रेप के बाद उसको पेशाब भी पिलाई गई। पीड़ित महिला ने घटना का आरोप पति और उसके साथियों पर लगाया है। जिसके बाद भोजीपुरा थाने में पति समेत तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
पति से अलग रहती है महिला
सीबीगंज की रहने वाली महिला की शादी रामपुर जिले के अजीमनगर इलाके के रहने वाले युवक से हुई थी। शादी के बाद महिला का पति से विवाद हो गया और वो मायके आकर रहने लगी। इसी बीच महिला के संबंध उसके पति के दोस्त मोहनसिंह से हो गए। आरोप है कि तीन अक्टूबर को उसके पति का कथित दोस्त उसे कचहरी पर मिला और लिफ्ट देने की बात कहकर उसे कार में बैठा लिया। कार में पति और उसका एक और साथी बैठा था। जिसके बाद वे लोग महिला को भोजीपुरा के बिलवा में ले गए और तमंचा के बल पर उसके साथ रेप किया।
आरोपियों ने की दरिंदगी
पीड़ित महिला का आरोप है कि जब उसने पानी मांगा तो आरोपियों ने उसको पेशाब पिला दी। महिला का आरोप है कि दबंगों ने उसका वीडियो भी बना लिया। वीडियो बनाने के बाद दबंगों ने उसे नग्न अवस्था मे ही कार से उतार दिया। महिला के मिन्नतें करने के बाद उसे कपड़े वापस किए। इसके बाद अगले दिन उसके गांव के पास छोड़कर चले गए।
पीड़ित महिल को धमकाया
पीड़ित महिला जब उनकी शिकायत करने निकली तो दबंगों ने उसे धमकाना शुरू कर दिया। जिससे महिला डर गई और घटना के काफी दिनों बाद एसएसपी से शिकायत की जिसके बाद भोजीपुरा थाने में तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
आरोपियों पर मुकदमा दर्ज
भोजीपुरा थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह यादव ने बताया कि महिला ने अपने पति, उसके दोस्त समेत तीन लोगों पर गैंगरेप का आरोप लगाया है। महिला की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।