बरेली

पत्नी को प्रेमी की बाहों में देखा तो काट डाला, घर से खेत तक मिले खून के निशान

सुभाषनगर में अवैध संबंधों के चलते एक युवक की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई।
2 min read
Dec 31, 2017
demo pic
demo pic

बरेली। शहर के सुभाषनगर इलाके में अवैध संबंधों के चलते युवक की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। हत्यारोपी ने युवक की हत्या करने के बाद उसके शव को खेत मे फेंक दिया। हत्या की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।


घर से बुला कर ले गया आरोपी
सुभाषनगर के बिरिया नारायणपुर गांव के रहने वाले 20 साल के राम सिंह की बड़ी ही बेरहमी से हत्या कर दी गई। राम सिंह का शव गांव में ही खेत मे पड़ा मिला। परिजनों का कहना है कि राम सिंह को उसका पड़ोसी धर्मवीर किसी काम के बहाने घर से बुला ले गया था और राम सिंह की कुल्हाड़ी से काट कर हत्या कर दी।


राम सिंह के थे अवैध संबंध
बताया जा रहा है कि राम सिंह के धर्मवीर की पत्नी से अवैध संबंध थे। ये दोनों चोरी छिपे अकसर मिलते थे। चार दिन पहले धर्मवीर ने अपनी पत्नी को राम सिंह के साथ आपत्तिजनक हालत में देख लिया था। जिसके बाद से ही वो राम सिंह की हत्या करने की फिराक में था।

घर से लेकर खेत तक खून के निशान
राम सिंह का शव धर्मवीर के घर के पीछे खेत में पड़ा मिला था, लेकिन खून के निशान खेत से लेकर धर्मवीर के घर तक थे। जिसके कारण पुलिस ने धर्मवीर को हिरासत में लिया। बाद में राम सिंह के परिजन ने भी धर्मवीर और उसके घर वालों के खिलाफ हत्या की तहरीर दी।


आरोपी गिरफ्तार
सुभाषनगर थाने के प्रभारी कृष्ण मुरारी ने बताया कि युवक की हत्या कर शव को खेत मे फेंका गया था। राम सिंह के परिजन की तरफ से धर्मवीर और उसके परिवार पर रिपोर्ट लिखाई गई है पुलिस ने धर्मवीर को गिरफ्तार कर लिया है।

Published on:
31 Dec 2017 08:35 am