
बरेली।बहेड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत जाम खजूर में खेत की मेड़ को लेकर चला आ रहा पुराना विवाद रविवार को खूनी संघर्ष में बदल गया। मामूली कहासुनी के बाद दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते गांव गोलियों की आवाज से दहल उठा। ताबड़तोड़ फायरिंग में एक ही परिवार के चार भाई गोली लगने से घायल हो गए। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
ग्रामीणों के मुताबिक दोनों पक्षों के बीच खेत की मेड़ को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था। कई बार पंचायत और समझौते की कोशिश भी हुई, लेकिन मामला शांत नहीं हो सका। रविवार सुबह फिर दोनों पक्षों के बीच खेत पर कहासुनी शुरू हुई। देखते ही देखते बहस गाली-गलौज और मारपीट में बदल गई। आरोप है कि इसी दौरान एक पक्ष ने अवैध हथियार निकाल लिए और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। अचानक चली गोलियों से गांव में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
फायरिंग की घटना में आरिफ, शारिक, वामिक और शारिफ पुत्रगण जिलानी खान गोली लगने से घायल हो गए। चारों घायल एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं। गोलियां चलते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। परिजन और ग्रामीण घायल युवकों को तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों ने कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई है।
घटना की जानकारी मिलते ही बहेड़ी थाना पुलिस और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। गांव में तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। सीओ बहेड़ी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि खेत की मेड़ को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ था, जिसमें फायरिंग की घटना सामने आई है। पुलिस ने फायरिंग करने के आरोपी यासीन को मौके से गिरफ्तार कर लिया है। बाकी आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।