
बरेली। आला हजरत का 100वां उर्स ए रज़वी शनिवार को परचम कुशाई की रस्म के साथ ही शुरू हो गया है। तीन दिवसीय उर्स ए रज़वी में शामिल होने के लिए देश विदेश के लाखों जायरीन बरेली पहुचेंगे। इस बार 100वें उर्स ए रज़वी में पाकिस्तान के जायरीन भी शामिल हो सकेंगे।उर्स प्रभारी और जमात रज़ा ए मुस्तफा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सलमान मियां ने बताया कि इस बार उर्स में पकिस्तान से उलमा वा अवाम की एक बड़ी तादाद 15 साल के बाद शिरकत करने आ रही है। उन्होंने बताया कि ताजुश्शरिया के बेटे मुफ़्ती मुहम्मद अस्जद रज़ा खां क़ादरी के आमंत्रण पर पाकिस्तान से लोग अमन, शांति और मोहब्बत का पैगाम लेकर आ रहे हैं। ये उर्स अपनी इस शांति भरे पैगाम की वजह से इतिहास में याद किया जायगा और सुनहरे पन्नों में लिखा जायगा। उन्होंने कहा कि असजद मियां के आग्रह पर भारत सरकार ने पाकिस्तान के जायरीनों को दस दिन का वीजा दिया गया है।
अटारी के रास्ते पहुंचे भारत
आला हजरत के मुरीद दुनिया भर में है। पाकिस्तान में भी आला हजरत के बहुत मुरीद है। पाकिस्तान के मुरीद हर साल आला हजरत के उर्स में शामिल होने के लिए वीजा का आवेदन करते थे लेकिन उन्हें वीजा नहीं मिल पाता था। लेकिन इस बार भारत सरकार ने सरहद पर तनाव के बाद भी 100वें उर्स के मौके पर पाकिस्तानी जायरीनों के लिए अपने दिल के दरवाजे खोल दिए है। पाकिस्तान के जायरीनों को 100वें उर्स में शामिल होने के लिए 10 दिन का वीजा दिया गया है। 10 दिन के वीजा पर पाकिस्तान के नागरिक उर्स में शामिल होने के लिए पाकिस्तान से अटारी के रास्ते बरेली पहुंच चुके है।
कई देशों से पहुंचे उलेमा
जमात रज़ा ए मुस्तफ़ा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व उर्स प्रभारी सलमान हसन खां क़ादरी ने बताया कि ये दो देशों को जोड़ने वाला क़दम है। उन्होंने बताया कि लेबनान व तुर्की के बड़े उलेमा उर्स में शिरकत करने के लिए बरेली पहुंच चुके है। लेबनान के शैख़ युसूफ मुहम्मद इदरीस हसनी हुसैनी (जामिया अजहर के डीन फक्ल्टी), शैख़ मुस्तफ़ा कमाल जाफरी हुसैनी (मुफ़्ती दरुल्क्ज़ा लेबनान)और शैख़ अब्दुल्लाह मुहम्मद सुहैल इस्तैतिया भी बरेली आ चुके है और उर्स में इनका खिताब भी होगा।