बरेली

धर्मगुरु के बयान से खफा मुस्लिम समाज उतरा सड़कों पर, एक मौलाना को पीटा

पैगम्बर और इस्लाम धर्म के खिलाफ एक धर्मगुरु की टिप्पणी को लेकर मुस्लिम समाज ने प्रदर्शन कर जताया विरोध

2 min read
Apr 10, 2021
muslims protest against religious comment

पत्रिका न्यूज नेटवर्क
बरेली. पैगम्बर और इस्लाम धर्म के खिलाफ एक धर्मगुरु की टिप्पणी के मामले ने तूल पकड़ लिया है। बरेली समेत उत्तर प्रदेश के कई जिलों में धर्मगुरु के बयान के विरोध में हजारों मुस्लिम सड़क पर उतर आए और जुलूस निकाल प्रदर्शन कर अपनी नाराजगी व्यक्त की। इसी तरह जगह-जगह धर्मगुरू की टिप्पणी के विरोध में राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपे गए। वहीं, पीलीभीत में जुलूस को रोकने पर एक मौलाना को मुस्लिम समाज के लोगों ने पीट भी दिया।

बरेली में खानकाह ताजुशरिया व दरगाह आला हजरत से जुड़े संगठन जमात रजा मुस्तफा के आह्वान पर इस्लामियां इंटर कॉलेज के मैदान पर हजारों की संख्या में मुस्लिम की भीड़ जुटी। इस दौरान मुस्लिमों ने एक स्वर में धर्मगुरु के बयान पर कड़ी आपत्ति दर्ज कराई गई। इसी तरह शाहजहांपुर में मुस्लिमों ने जामा मस्जिद समेत अन्य मस्जिदों से जुमे की नमाज के बाद जमकर प्रदर्शन किया। वहीं फैजाबाद के शहर काजी अब्दुल मुस्तफा ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि पैगम्बर और इस्लाम के लिए जान भी कुर्बान है। किसाी भी हालत में अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस दौरान मौके पर पहुंचे एसएसपी और एडीएम को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया।

इस दौरान पीलीभीत में मुस्लिमों ने उग्र प्रदर्शन किया। बताया जा रहा है कि यहां एक मौलाना ने जुलूस को रोकने का प्रयास किया था, जिस पर मुस्लिम समाज के लोग भड़क गए और उनकी पिटाई करते हुए कपड़े तक फाड़ डाले। इसके बाद पुलिस ने लाठी फटकारते हुए किसी तरह भीड़ को खदेड़ा। पुलिस ने इस दौरान चार लोगों को हिरासत में भी लिया। वहीं, अलीगढ़ में जमालपुर ईदगाह के सामने मुस्लिम समाज के लोगों ने जमकर प्रदर्शन किया।

Published on:
10 Apr 2021 11:28 am
Also Read
View All