बरेली

निदा खान को फोन पर मिली कमलेश तिवारी जैसा हाल करने की धमकी, जानिए पूरा मामला…

  हरकत में आया साइबर सेल। निदा से मांगी नंबर और कॉल करने वाले शख्स की जानकारी। दस दिन पहले आयी थी कॉल।
2 min read
• •
Updated: 20 Nov 2019, 11:57 AM IST
Feature image

बरेली। आला हजरत हेल्पिंग सोसायटी की अध्यक्ष निदा खान को मिली धमकी के मामले में साइबर सेल ने जांच शुरू कर दी है। इसको लेकर उनसे जानकारी मांगी गई है। बता दें कि दस दिन पहले निदा खान के मोबाइल पर एक धमकीभरा कॉल आया था। कॉल करने वाले शख्स ने अपना नाम सलीम बताया था और उनका हाल कमलेश तिवारी जैसा करने की धमकी दी थी। इसके बाद निदा ने थाने में मामले की शिकायत की थी। हालांकि शिकायत पर थाने में रिपोर्ट दर्ज तो नहीं की गई, लेकिन साइबर सेल ने जांच शुरू कर दी है।

ये है मामला
निदा खान के मुताबिक 10 नवंबर की सुबह करीब सात बजे उनके फोन पर सलीम नाम के शख्स की कॉल आयी। कॉल मां ने रिसीव की। उस शख्स ने उनकी मां को कहा कि तेरी बेटी को जिंदा नहीं छोड़ेंगे। इसके बाद फोन कट गया। उनकी मां कुछ समझ नहीं पायीं। इसके बाद उसी शख्स का दोबारा फोन आया। इस बार कॉल निदा ने खुद रिसीव की। तब सलीम नाम के शख्स ने कमलेश तिवारी जैसा हाल कर देने की धमकी दी और प्रसिद्ध दरगाह का नारा लगाया। फिर कॉल काट दी।

निदा के अनुसार, इस घटना के बाद वे शिकायत लेकर कोतवाली पहुंची। कोतवाली में उस समय एसएसपी भी मौजूद थे। उन्होंने पूरा मामला बताया तो एसएसपी ने लिखित में देने को कहा। इसके बाद उन्होंने लिखित में शिकायत दी। लेकिन तब से पुलिस ने इस मामले की कोई जानकारी नहीं ली। मंगलवार को साइबर सेल से उनके पास कॉल आया और पूरे मामले की जानकारी ली गई। निदा के अनुसार नंबर बरेली के बाहर का है। फिलहाल उन्होंने इस मामले में जल्द से जल्द कार्रवाई की मांग की है। इधर एसएसपी शैलेश कुमार पांडे का कहना है कि हाल में निदा खान की कोई शिकायत उनके पास नहीं आई है। लेकिन अगर धमकी का कोई मामला है तो जांच कर जरूरी कार्रवाई की जाएगी।

Published on: