अब हाउस - व्यावसायिक टैक्स जमा कराने के लिए नगर निगम नोटिस नहीं, मोबाइल पर व्हाटसएप मैसेज भेजेगा। व्हाट्सएप की व्यवस्था होने से जहां लोगों को सहूलियत मिलेगी, नगर निगम की इनकम भी बढ़ेगी।
बरेली। अब हाउस - व्यावसायिक टैक्स जमा कराने के लिए नगर निगम नोटिस नहीं, मोबाइल पर व्हाटसएप मैसेज भेजेगा। व्हाट्सएप की व्यवस्था होने से जहां लोगों को सहूलियत मिलेगी, नगर निगम की इनकम भी बढ़ेगी। मेयर डॉक्टर उमेश गौतम ने बताया कि ऑनलाइन टैक्स जमा करने वालों को एक फीसदी टैक्स बिल में छूट भी मिलेगी।
घर-घर पहुंचेगी निगम टीम
मेयर डॉक्टर उमेश गौतम ने बताया कि अब करदाताओं को कार्यालयों के बेवजह चक्कर लगाने की जरूरत नहीं है। हमारी टीमें घर घर जाकर टैक्स जमा कराएंगी। इसके लिए हर कर्मचारियों की जवाबदेही तय की गई है। आनलाइन हाउस टैक्स जमा करने वाले भवन स्वामियों को एक प्रतिशत की छूट भी अतिरिक्त दी जाएगी।
हर वार्ड में लगेंगे कैंप, ई पॉश मशीनों से जमा होगा टैक्स
93 बीसी (बैकिंग करस्पोंडेंट) के जरिए हर वार्ड में हाउस टैक्स वसूली होगी। वार्ड-वार कैंप भी लगाए जाएंगे। मेयर ने कहा कि, ई-पाश मशीन के जरिए बिल जमा करने के बाद तुरंत ही आनलाइन बिल दिखने लगेगा। कर्मचारियों द्वारा दी जाने वाली रसीद में संपत्ति का पूरा विवरण भी होगा। साथ ही वाट्सएप नंबर पर भी मैसेज आ जाएगा।
15 हजार से अधिक डबल डिमांड की शिकायतें निस्तारित
मुख्य कर निर्धारण अधिकारी प्रदीप कुमार मिश्र ने बताया कि नगर निगम में टैक्स संबंधित मामलों में लगातार शिकायत आ रही थीं। डेढ़ लाख आईडी हैं। जिसमें 15 हजार शिकायत आई थी, जिन्हें निस्तारित कर दिया गया है। पारदर्शिता के साथ करदाताओं को सारी सहूलियत दी जा रही है।
14 दिन में 4 करोड़ रुपये ऑनलाइन जमा
नगर आयुक्त निधि गुप्ता वत्स ने बताया कि जुलाई के अंतिम दो सप्ताह में नगर निगम में करीब चार करोड़ रुपये आनलाइन बिल जमा किया गया। शहरवासी आनलाइन हाउस टैक्स जमा करने में आगे बढ़ रहे। ई-पाश मशीन से एटीएम, चेक, क्यूआर कोड के जरिए लोग अपना बिल चुका सकेंगे। बिल मैचिंग की बची हुई शिकायतें आगामी 15 दिन में खत्म कर दी जाएंगी।