बरेली

लिफ्ट देकर लूटते थे राहगीरों को, इस बार खुद ही फंस गए पुलिस के जाल में

यात्रियों को लिफ़्ट देने के बहाने अपने वाहन में बैठा लेते थे या फिर सवारी बनकर दूसरों के वाहन में बैठ जाते थे और रास्ते में लूट लेते थे।
2 min read
May 13, 2018
Loot

बरेली। अगर आप सफर पर जा रहे हैं तो ज़रा सावधान हो जाएं कहीं ऐसा न हो कि लिफ्ट लेने के चक्कर में आप बदमाशों का शिकार न हो जाएं। बरेली पुलिस ने ऐसे ही एक गिरोह का खुलासा किया है जो लिफ्ट के बहाने लोगों से लूटपाट की घटना को अंजाम देते थे। भमौरा पुलिस ने लिफ्ट देकर लोगों को लूटने वाले गैंग का खुलासा किया है। पुलिस ने गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर लूटा गया माल भी बरामद किया है। इस गैंग के पकड़ में आने पर पुलिस को हाल में हुई दो घटनाओं का खुलासा करने में मदद मिली है। वहीं गैंग के खुलासे के बाद एसएसपी कलानिधि नैथानी ने कहा कि इस गैंग के जेल जाने से जनता को बड़ी राहत मिलेगी।


दो घटनाओं का हुआ खुलासा

गैंग का खुलासा करते हुए एसएसपी कलानिधि नैथानी ने बताया कि इन बदमाशों ने कई वारदातों को अंजाम दिया है। और दो दिन पहले बैंक मैनेजर को भी लिफ्ट देकर लूट लिया था। पुलिस ने बदमाशों के पास से एक टैम्पो, 11 हजार रुपए, एक अंगूठी और दो तमंचे बरामद किए हैं। एसएसपी ने बताया कि इस गैंग के पकड़े जाने से दो घटनाओं का खुलासा हुआ है।

इनकी हुई गिरफ्तारी

पुलिस ने सुभाषनगर की बीडीए कॉलोनी के रहने वाले संजू और शिवम को गिरफ्तार किया है ये लोग यात्रियों को लिफ़्ट देने के बहाने अपने वाहन में बैठा लेते थे या फिर सवारी बनकर दूसरों के वाहन में बैठ जाते थे और रास्ते में मौका पाकर लूटपाट की घटना को अंजाम देते थे।पुलिस ने इनके साथ ही भमौरा के रहने वाले अशफाक को भी गिरफ्तार किया है। अशफाक इन बदमाशों से लूट का माल खरीदता था।

बस अड्डों से बैठाते थे सवारी

गिरोह के सदस्य संजू और शिवम बस अड्डों के पास अपनी गाड़ी लगाकर सवारी बैठाते थे और शहर से बाहर ले जाकर उनके साथ लूटपाट कर उन्हें सड़क किनारे उतार कर फरार हो जाते थे। किसी को शक न हो इसके लिए एक ही बदमाश सवारी बैठाता था बाद में दूसरा बदमाश भी यात्री बनकर गाड़ी में बैठ जाता था।

Published on:
13 May 2018 02:43 pm