बरेली

महिला अधिवक्ता की हत्या का पुलिस ने किया खुलासा, 70 लाख रुपये बने थे हत्या का कारण

17 अगस्त को रिटायर्ड दरोगा की अधिवक्ता पत्नी की हुई थी हत्या
2 min read
Aug 23, 2018
murder
murder

बरेली। कोतवाली इलाके में 17 अगस्त को हुई रिटायर्ड दरोगा की अधिवक्ता पत्नी सीमा शर्मा की हत्या का खुलासा पुलिस ने गुरुवार को कर दिया। पुलिस ने हत्या के आरोप में दो भाइयों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की गिरफ्त में आए दोनों भाई एलएलबी कर चुके है और उन्होंने 70 लाख रुपये हड़पने के लिए इस घटना को अंजाम दिया था। महिला ने दोनों भाइयों को 70 लाख रुपये उधार दिए थे और जब महिला ने अपने रुपए वापस करने की बात कही तो दोनों भाइयों ने मिलकर गला काट कर महिला की हत्या कर दी। पुलिस ने दोनों भाइयों को गिरफ्तार कर आला कत्ल चाकू भी बरामद कर लिया है।

घर में मिली थी लाश
सिविल लाइंस में शराब गोदाम के सामने गली में रहने वाली सीमा शर्मा एडवोकेट रिटायर्ड सब इंस्पेक्टर रामेन्द्र कुमार शर्मा की पत्नी थीं। लेकिन, पति से उनका कोर्ट में विवाद चल रहा था। ऐसे में वह घर पर अकेली रहती थीं। रविवार की सुबह उनके कमरे में पुलिस ने सिर कटी लाश बरामद की थी। पहले पुलिस इस हत्या को पति से जोड़कर देख रही थी, चूंकि उनके पति ने शादी कर ली थी। कोर्ट में उनका मुकदमा चल रहा है। सीमा का अपने मकान मालिक से भी विवाद चल रहा था। इसबीच पुलिस को पता लगा कि सीमा ने रामपुर वाली अपनी जमीन 62 लाख रुपए में बेची है। सीमा की कॉल डिटेल और उनके परिचितों से पुलिस को पता लगा कि जगतपुर के रहने वाले वेद प्रकाश और उसका भाई सत्यवीर उर्फ सत्यम उनके पास आते-जाते थे। शुक्रवार को भी सीमा के पास उनकी मां के फोन से पहले सत्यवीर का फोन आया था।

70 लाख के लिए हुई हत्या
एसपी क्राइम रमेश कुमार भारतीय ने बताया कि छानबीन में पता चला है कि दोनों भाइयों ने सीता का 70 लाख रुपए सूद पर बांट रखा था। उसी रकम को हड़पने के लिए ही दोनों भाइयों ने उनका कत्ल कर दिया। पुलिस उनकी तलाश में जुटी तो दोनों भाई घर छोड़कर भाग चुके थे। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दोनों भाइयों को बरेली क्लब के पास से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर आला ए कत्ल बरामद कर लिया है।

रकम वापस मांग रही थी सीमा
पूछताछ में पुलिस को सत्यवीर और वेद प्रकाश ने बताया कि सीमा ने उन्हें ब्याज पर रकम बांटने के लिए 70 लाख रुपए दिए थे। इसके बदले में वह हर माह उनको एक लाख रुपए देते थे। इस तरह उनका सारा रुपया दोनों भाइयों के पास जमा हो चुका था। उधर, सीमा भी करोड़पति बनने के चक्कर में थी। इसबीच सीमा को दोनों भाइयों की नीयत पर शक हो गया। उनको पता चला कि दोनों भाई उनकी रकम सूद पर बांटने के बजाए अपने पास रखे बैठे हैं। इस पर सीमा ने दोनों भाइयों से अपनी रकम वापस मांगना शुरू कर दिया। रकम वापस न करने पर दोनों भाइयों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की धमकी दी। इससे नाराज भाइयों ने उनका कत्ल करके रूपया हड़पने की योजना बना ली।

Published on:
23 Aug 2018 07:17 pm