
बरेली। सरकार के आदेशों के बाद भी निजी स्कूलों की मनमानी रुकने का नाम नहीं ले रही है। ताजा मामला बरेली के प्रतिष्ठित बीबीएल स्कूल से जुड़ा हुआ है। बच्चे की मां की शिकायत पर पुलिस ने बीबीएल स्कूल के मालिक और प्रिंसिपल पर एफआईआर दर्ज कर ली। छात्र की मां ने फीस जमा न होने पर बच्चे को स्कूल से निकालने का आरोप लगाते हुए मेयर उमेश गौतम से शिकायत की थी। मेयर के पत्र पर एसएसपी जोगेंद्र कुमार ने एक्शन लेते हुए स्कूल के मालिक सर्वेश अग्रवाल और प्रिंसिपल दीपक पर रिपोर्ट दर्ज करा दी।
क्या है मामला
ख्वाजा क़ुतुब की रहने वाली सारिका आर्या ने मेयर से शिकायत की थी कि उनका बेटा बीबीएल स्कूल में कक्षा सात का छात्र है। छात्र की 11 हजार रूपये फीस जमा होना बाकी है। सारिका का कहना है कि उसकी आर्थिक स्थिति ठीक न होने के कारण उसने एक साथ पूरी फीस जमा करने की जगह किश्तों में फीस जमा करने के लिए स्कूल प्रबंधन से निवेदन किया था। लेकिन स्कूल ने उसकी बात नहीं मानी। 13 अप्रैल को उनके पास फोन आया और पूरी फीस जमा करने को कहा गया। उन्होंने स्कूल से कुछ मोहलत मांगी तो स्कूल ने मना कर दिया और छात्र का नाम काटने की बात कहते हुए उसे ले जाने को कहा। स्कूल प्रबंधन ने छात्र को क्लास से निकाल कर लाइब्रेरी में बैठा दिया।
बच्चे को दिया गया ताना
सारिका आर्या ने आरोप लगाया कि स्कूल में बेटे का शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न किया गया। उसे दिन भर भूखा प्यासा रखा गया। इतना ही नहीं सबके सामने उसके बेटे का फीस जमा न होने पर मजाक बनाया गया। इसके कारण उसका बेटा डरा हुआ है। इस पूरे मामले की शिकायत छात्रा की मां ने मेयर से की जिसके बाद मेयर उमेश गौतम ने एसएसपी को पत्र लिखा।
मुकदमा हुआ दर्ज
मेयर का पत्र लेकर छात्रा की मां नगर निगम के उप सभापति अतुल कपूर और व्यापारी नेता विशाल मल्होत्रा के साथ एसएसपी से मिलीं। शिकायत सुनने के बाद एसएसपी ने किला पुलिस को एसएआर दर्ज करने के आदेश दे दिए। एसएसपी के आदेश पर किला पुलिस ने स्कूल के मालिक और प्रिंसिपल पर एफआईआर दर्ज कर ली है।