बरेली

‘भारत’ में नजर आएंगी बरेली की प्रियंका चोपड़ा और दिशा पाटनी

निर्देशक अली अब्बास जाफर की आने वाली फिल्म भारत के लिए प्रियंका चोपड़ा के बाद दिशा पाटनी को भी कास्ट किया गया है।
2 min read
May 19, 2018
Priyanka Chopra Disha Patani
'भारत' में नजर आएंगी बरेली की प्रियंका चोपड़ा और दिशा पाटनी

बरेली। रुपहले पर्दे पर धूम मचाने वाली बरेली की बेटियां प्रियंका चोपड़ा और दिशा पाटनी पहली बार एक साथ बड़े पर्दे पर नजर आएंगी। निर्देशक अली अब्बास जाफर की आने वाली फिल्म भारत के लिए प्रियंका चोपड़ा के बाद दिशा पाटनी को भी कास्ट कर लिया गया है। इस फिल्म में सलमान खान बतौर अभिनेता नजर आएंगे। अली अब्बास ने ट्वीट कर दिशा पाटनी को कास्ट करने की जानकारी दी है। अली अब्बास के ट्वीट पर दिशा पाटनी ने ख़ुशी जाहिर करते हुए धन्यवाद किया है।


सलमान-प्रियंका ने भी किया स्वागत

प्रियंका चोपड़ा और सलमान खान ने भी ट्वीट कर दिशा पाटनी को फिल्म का हिस्सा बनने के लिए स्वागत किया। प्रियंका चोपड़ा ने ट्वीट करते हुए दिशा का स्वागत किया और लिखा इसमें बरेली का प्रतिनिधित्व है। दिशा पाटनी ने भी सलमान खान और प्रियंका के ट्वीट को रीट्वीट करते हुए सलमान खान का धन्यवाद किया और लिखा कि वो बहुत रोमांचित है इस फिल्म का हिस्सा बनने के बाद। दिशा पाटनी ने खुद को प्रियंका चोपड़ा का फैन भी बताया।

दोनों का बचपन गुजरा बरेली में

देशी गर्ल के नाम से मशहूर प्रियंका चोपड़ा और दिशा पाटनी बरेली की रहने वाली है और दोनों का ही बचपन बरेली में ही गुजरा है और दोनों की शिक्षा भी बरेली में ही हुई है। प्रियंका चोपड़ा का घर जहां सिटी स्टेशन के सामने है तो उसकी कुछ दूरी पर ही पुरानी पुलिस लाइन के पास दिशा पाटनी का भी घर है। प्रियंका चोपड़ा के परिजन अब यहांं नहीं रहते हैं जबकि दिशा पाटनी का परिवार अभी भी बरेली में ही रहता है।


बरेलियंस को फिल्म का इन्तजार

बरेली की ये दोनों बेटियां रुपहले पर्दे पर धूम मचा रही हैं और अब दोनों एक साथ फिल्म में नजर आएंगी इस फिल्म का बरेलियंस को बहुत ही बेसब्री से इन्तजार है क्योंकि ये दोनों पहली बार एक साथ नजर आएंगी और इनके फैंस ने दोनों के एक साथ आने पर ख़ुशी जताई है।

Published on:
19 May 2018 04:29 pm