बरेली

रामगंगा नगर में साइंस पार्क का शंखनाद, BDA उपाध्यक्ष ने किया भूमि पूजन, बोले- क्वालिटी और टाइमलाइन से समझौता नहीं

शहर के रामगंगा नगर इलाके में विकास का बड़ा धमाका हुआ है। सेक्टर-08 में बनने जा रहे साइंस पार्क का शनिवार को विधिवत भूमि पूजन कर निर्माण कार्य की शुरुआत कर दी गई।
less than 1 minute read
Apr 25, 2026
Feature image

बरेली। शहर के रामगंगा नगर इलाके में विकास का बड़ा धमाका हुआ है। सेक्टर-08 में बनने जा रहे साइंस पार्क का शनिवार को विधिवत भूमि पूजन कर निर्माण कार्य की शुरुआत कर दी गई। बीडीए उपाध्यक्ष ने पूजा-अर्चना के साथ इस महत्वाकांक्षी परियोजना की नींव रखी और साफ संदेश दिया, अब काम में देरी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।

शिक्षा के नक्शे पर चमकेगा रामगंगा नगर

साइंस पार्क सिर्फ एक पार्क नहीं, बल्कि शहर के भविष्य की नई प्रयोगशाला बनने जा रहा है। बीडीए उपाध्यक्ष डॉ. ए. मनिकंडन का कहना है कि यह परियोजना छात्रों, युवाओं और शोध में रुचि रखने वालों के लिए बड़ा केंद्र बनेगी। यहां विज्ञान को किताबों से निकालकर जमीन पर उतारा जाएगा, जिससे नई पीढ़ी को सीखने का आधुनिक प्लेटफॉर्म मिलेगा। भूमि पूजन के बाद उपाध्यक्ष डॉ. ए. मनिकंडन ने मौके पर ही ठेकेदारों और अभियंताओं की क्लास ले ली। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि निर्माण कार्य तय समयसीमा में और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा होना चाहिए। किसी भी तरह की लापरवाही पर सीधे कार्रवाई होगी। अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश भी दिए गए।

पूजा-अर्चना के साथ अधिकारियों की मौजूदगी

इस मौके पर बीडीए के सचिव, संयुक्त सचिव, विशेष कार्याधिकारी और अभियंताओं की पूरी टीम मौजूद रही। सभी ने विधिवत पूजा-अर्चना में हिस्सा लेकर परियोजना के सफल निर्माण की कामना की। माहौल पूरी तरह उत्साह और उम्मीद से भरा नजर आया। साइंस पार्क के बनने से रामगंगा नगर क्षेत्र की तस्वीर पूरी तरह बदलने की उम्मीद है। यह न सिर्फ स्थानीय लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा, बल्कि बरेली को भी एक आधुनिक और शैक्षणिक शहर के रूप में नई पहचान देगा। माना जा रहा है कि आने वाले समय में यह परियोजना शहर के विकास की बड़ी मिसाल साबित होगी।

Updated on:
25 Apr 2026 07:11 pm
Published on:
25 Apr 2026 07:11 pm